मिशन एडमिशन : फस्र्ट डिवीजन से इंटर उत्तीर्ण होना भी एडमिशन के लिए पर्याप्त नहीं
सामान्य श्रेणी में नामांकन पाना और मुश्किल
छपरा (नगर) : जेपी विवि अंतर्गत अधिकतर कॉलेजों में स्नातक पार्ट वन में एडमिशन के लिए इंटरमीडिएट में फस्र्ट डिवीजन लाना भी काम नहीं आ रहा है. विशेष रूप से अंगीभूत कॉलेजों में साइंस व आर्ट्स के कई विषयों में जारी की गयी फस्र्ट लिस्ट में अधिकतर में कट ऑफ सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए 70 से 80 प्रतिशत तक गया है. ऐसे में काफी संख्या में छात्र, जो फस्र्ट डिवीजन से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण होने के बाद अपने एडमिशन को लेकर आश्वस्त थे, उनको निराशा हाथ लग रही है. फस्र्ट लिस्ट में जगह नहीं बना पानेवाले छात्रों को द्वितीय लिस्ट निकलने का इंतजार है.
केमिस्ट्री में कट ऑफ 80 प्रतिशत : जेपी विवि के प्रीमियर कॉलेज माने जानेवाले राजेंद्र कॉलेज में केमिस्ट्री सब्जेक्ट में सामान्य श्रेणी का कट ऑफ 80, जूलॉजी में 71, फिजिक्स में 75, साइकोलॉजी, हिस्ट्री आदि सब्जेक्ट में कट ऑफ मार्क्स 70 फीसदी के ऊपर है. वहीं जगदम कॉलेज, रामजयपाल कॉलेज, गंगा सिंह सहित अन्य कॉलेजों में भी साइंस सब्जेक्ट में इस बार कट ऑफ हाइ होने के कारण फस्र्ट डिवीजन से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र भी मेरिट लिस्ट में जगह बनाने में असफल साबित हो रहे हैं.
ऑनर्स सब्जेक्ट बदलने की कोशिश : उधर, कई कॉलेजों में पूर्व में अप्लाइ किये गये ऑनर्स सब्जेक्ट में कट ऑफ काफी हाइ होने से निराश कई छात्र वैसे सब्जेक्ट, जहां सीट की तुलना में अप्लाइ कम हुआ है, वहां नये सिरे से एडमिशन पाने का प्रयास कर रहे हैं.
हालांकि कुछ कॉलेजों में प्राचार्य अपने स्तर पर इस तरह से वंचित छात्रों के माध्यम से खाली सीटों पर एडमिशन ले रहे हैं, तो कुछ प्राचार्य विवि द्वारा ऐसा दिशा-निर्देश नहीं मिलने की बात कह छात्रों को लौटा दे रहे हैं.
