घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला से की पूछताछ
घटनास्थल से कारतूस व खोखा बरामद
मांझी : पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने सोमवार को हत्या मामले की जांच करने संन्यासी बाजार पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शी महिला रमिता देवी से घटना के बारे में जानकारी ली. घटनास्थल पर जांच के दौरान पिस्टल की एक गोली तथा एक खोखा भी बरामद हुआ. एसपी ने मृतक जीतेश साह के परिजनों से भी मिल कर घटना के बारे में जानकारी हासिल की. इस दौरान एसडीपीओ राजकुमार कर्ण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया.
एसपी ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल होगा.
हत्या की प्राथमिकी दर्ज :जीतेश साह के पड़ोसी दलन मांझी की पत्नी रमिता देवी के बयान पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ दर्ज की है. दर्ज मामले में हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया गया है, जब वह रमिता देवी के साथ उसकी पुत्री का उपचार करा कर वापस लौट रहा था.
आधी रात को कराया गया पोस्टमार्टम :शाम करीब 3.45 बजे जीतेश साह की हुई. हत्या के बाद स्थानीय पुलिस के विलंब से पहुंचने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग करने लगे. बाद में जब एसडीपीओ राजकुमार कर्ण के द्वारा 24 घंटे में अपराधियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया. पुलिस ने आधी रात को ही सदर अस्पताल ले जाकर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
पोस्टमार्टम में यह बात सामने आयी है कि युवक को दो गोलियां अपराधियों ने मारी हैं और चाकू भी दाहिनी बांह पर मारा गया है.
बंद रहा बाजार :जीतेश के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित व्यवसायियों ने संन्यासी बाजार को सोमवार को दिन भर बंद रखा और शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर स्थानीय पुलिस के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का एलान किया है.
माकपा का प्रतिनिधिमंडल मिला :माकपा नेता डॉ सत्येंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हत्या की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की.
माकपा नेता ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाये जाने की घोषणा की है.पेशेवर थे अपराधी :जीतेश साह हत्या मामले में संलिप्त अपराधियों के पेशेवर होने की बात सामने आयी है. पुलिस जांच में यह बात भी सामने आयी है कि अपराधियों का मुख्य उद्देश्य जीतेश की हत्या करना था.
क्या कहते हैं एसपी
हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा. इसके लिए आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. हत्यारों को सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल कराया जायेगा.
सत्यवीर सिंह
पुलिस अधीक्षक, सारण
