छपरा (नगर) : जेपीविवि अंतर्गत स्नातक पार्ट वन में एडमिशन के लिए अप्लाइ फॉर्म जमा करने के लिए छात्रों में होड़ मची हुई है. हालांकि सबसे ज्यादा टेंशन कॉमर्स में एडमिशन लेनेवाले छात्र-छात्राओं को हो रहा है.
जिले से इस बार कॉमर्स विषय से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करनेवालों की संख्या लगभग 22 हजार से अधिक है. उधर, जेपीविवि के अंगीभूत कॉलेजों की बात करें तो सारण जिले में अंगीभूत सभी 11 कॉलेजों में से मात्र राजेंद्र कॉलेज में ही बी कॉम की पढ़ाई की सुविधा है. ऐसे में राजेंद्र कॉलेज में बीकॉम में एडमिशन के लिए मारा-मारी की स्थिति है. कॉलेज सूत्रों की मानें तो अभी तक 06 जुलाई तक आवेदन जमा किया जायेगा. जबकि अभी तक कॉमर्स कॉलेज में निर्धारित सीटों से कई गुणा अधिक अप्लाइ फॉर्म जमा हो चुके हैं.
एडमिशन को लेकर छात्र परेशान : इंटरमीडिएट स्तर पर तो प्लस टू स्कूलों तथा कोड प्राप्त इंटर कॉलेजों में कॉमर्स की पढ़ाई होने से छात्र-छात्रएं कॉमर्स से इंटरमीडिएट कर लेते हैं.
लेकिन, मुख्य परेशानी बीकॉम में एडमिशन पाने की हो रही है. उधर, एनओसी प्राप्त प्रस्तावित कॉलेजों में एडमिशन पर रोक से छात्रों के उच्च शिक्षा पर ब्रेक लगता दिख रहा है. राजेंद्र कॉलेज प्रशासन की मानें तो उनके पास सीटों की संख्या निर्धारित है. ऐसे में राजेंद्र कॉलेज से आइकॉम करनेवाले भी सभी छात्रों का बीकॉम में एडमिशन संभव नहीं हो पायेगा.
संबद्ध कॉलेजों में भी आवेदन कर रहे छात्र : उधर, एफलिएशन प्राप्त कॉलेज में बीकॉम में एडमिशन की कम उम्मीद को देख शहर के छात्र भी दूर-दराज के संबद्ध कॉलेजों में एडमिशन पाने के लिए वहां भी जाकर अप्लाइ फॉर्म जमा कर रहे हैं.
मालूम हो कि सारण जिले में विवि से संबद्ध कुल पांच कॉलेजों में से छपरा मुख्यालय से सटे डॉ पीएन सिंह डिग्री कॉलेज तथा विश्वेश्वर दयाल सिन्हा मेमोरियल महिला कॉलेज में बी कॉम की पढ़ाई होती है. वहीं क्रमश: सोनपुर, बनियापुर, गड़खा प्रखंड स्थित संबद्ध कॉलेजों में भी एडमिशन के लिए छात्र पहुंच रहे हैं.
