छपरा (कोर्ट) : अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधी डिंपल सिंह गिरोह के एक सदस्य को सारण पुलिस रिमांड पर लेने में सफल रही है. अपराधी यूपी के बैरिया थाना क्षेत्र के श्रीनगर निवासी सुरेंद्र सिंह का पुत्र नंदन सिंह है, जिसे सारण पुलिस ने यूपी के बलिया कारा से रिमांड पर छपरा लाया है.
गुरुवार को उक्त अपराधी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वज्रवाहन से छपरा न्यायालय लाया गया और सीजेएम के कोर्ट में पेश किया गया. सीजेएम ने उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेजे जाने का आदेश दिया है.
ज्ञात हो कि अपराधी नंदन, जो अंतरराज्यीय अपराधी यूपी के गोनिया छपरा निवासी डिंपल सिंह गिरोह का सदस्य है, ने अपने साथियों के साथ सारण के मांझी एवं रिविलगंज थाना क्षेत्रों में लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे पुलिस की नाक में दम कर दिया था. इस गिरोह ने 24.7.2014 को रिविलगंज थाना क्षेत्र के पहियां ढ़ाला के पास पल्सर गाड़ी तथा सिरिसिया बाजार के समीप एक एमआर का बैग जिसमें एटीएम कार्ड, पासबुक आदि था को लूट लिया.
उस एटीएम कार्ड से बलिया जाकर 25 हजार रुपये भी निकाल लिये गये थे. उसके बाद 3.8.2014 को मांझी थाना क्षेत्र के नरपलिया बाजार के समीप टेकनिवास के रहनेवाले दंपति से बाइक, आभूषण एवं नकद लूट लिया था. ज्ञात हो कि इसका खुलासा तब हुआ, जब वह गिरोह हजारीबाग के बरकट्ठा में बैंक लूट की योजना बनाते हुए हथियार तथा सारण से लूटी गयी दोनों पल्सर व अपाची बाइक के साथ गिरफ्तार हुआ था.
वहीं, इस बात का भी खुलासा हुआ था कि बैंक शाखा से एक करोड़ रुपये की लूट की घटना में जल्द ही रिमांड पर लेकर उपरोक्त घटनाओं के अलावा अन्य घटनाओं के बारे में भी पुलिस गहन पूछताछ करेगी.
