– लोगों में रही उक्त यंत्र बारे में जानने की इच्छा
– युद्ध के दौरान प्रकाश फैलाने के लिए इलू का किया जाता है प्रयोग
बनियापुर : थाना क्षेत्र के दाढ़ीबाड़ी-भिट्ठी मार्ग पर धनगड़हा पुल के निकट से ग्रामीणों की सूचना पर थाने की पुलिस ने लावारिस हालत में पड़े इलू (इलुमिनेटर) यंत्र (कथित मिसाइल) को बरामद किया. बरामद यंत्र के संबंध में अनुसंधान में जुटी पुलिस ने बगैर जांच के कुछ भी बताने से परहेज किया.
सूचना पर बरामदगी स्थल पर पहुंचे छुट्टी में घर आये सेना के एक जवान ने उसे रॉकेट लांचर, मोटार एवं उच्च क्षमता का बम बताया. इसको लेकर लोगों में असमंजस रहा. अनुसंधान में जुटी पुलिस द्वारा मामले की सूचना विभागीय उच्चधिकारी को दी गयी. बरामद यंत्र की जांच के लिए बम निरोधी दस्ता, आइटीबीपी के पदाधिकारी एवं एफएलसी की टीम को बुलाया गया है.
घटना के संबंध में धनगड़हा पंचायत के मुखिया संजय प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात्रि एक बच्चे ने लावारिस हालत में सड़क के किनारे पड़े यंत्र को देखा. बच्चे ने कबाड़ समझ बेचने के उद्देश्य से उसे घर ले जाना चाहा, मगर वह उससे नहीं उठ पाया. घर जाकर बच्चे ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी. सूचना पर आस-पड़ोस के लोग मुखिया के साथ उक्त स्थल पर पहुंचे.
उक्त वस्तु को देखते ही उच्च क्षमता की मिसाइल होने की चर्चा पूरे गांव सहित आस-पास के गांवों में तेजी से फैली एवं देखते-ही-देखते रात का समय होने के बावजूद वहां सैकड़ों की भीड़ इकट्ठी हो गयी. मुखिया द्वारा मामले की सूचना थानाध्यक्ष को दी गयी. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष सतीश कुमार उक्त स्थल पर पहुंचे और यंत्र को अपने कब्जे में ले थाने लाये. इसको लेकर लोग कई सवाल उठा रहे हैं.
क्या है इलू : युद्ध के दौरान आक्रमण करने के पहले प्रकाश फैलाने के लिए प्रयोग किये जानेवाला यंत्र है. उक्त बातें आइटीबीपी के विशेषज्ञ दल द्वारा जांच किये जाने के उपरांत पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने कही.
सवाल, जो लोगों के जेहन में लगातार उठ रहे हैं
– आखिर कहां से आया है इलू?
– युद्ध के दौरान इस्तेमाल किया जाने वाला उपकरण कैसे पहुंचा गांव में?
– अगर यह सेना का है, तो अब तक कोई खोजबीन क्यों नहीं हुई ?
– अगर किसी ने सिर्फ दहशत फैलाने के लिए इलू को वहां रखा, तो फिर उसके पास ये कहां से आया होगा?
– अगर इलू गांव तक पहुंच सकता है, तो क्या कोई घातक हथियार भी गांव या आसपास के इलाके में मौजूद है?
