प्रभात खबर कैरियर काउंसेलिंग में विशेषज्ञों ने दिये टिप्स
छपरा (नगर) : आइएएस की तैयारी कैसे करें, एनडीए का पैटर्न क्या है, कैट में अच्छा स्कोर कैसे करें जैसे सवाल सोमवार को शहर के अस्पताल चौक स्थित एवन कोचिंग सेंटर में आयोजित ‘प्रभात खबर’ द्वारा आयोजित कैरियर काउंसेलिंग में छात्र-छात्राओं ने पूछे. इसमें मैट्रिक व इंटरमीडिएट की फाइनल परीक्षा दे चुके अधिकतर छात्र मौजूद थे.
मैट्रिक व इंटर के छात्र-छात्राओं के मन में उठे उथल-पुथल भरे सवालों के सही जवाब कैरियर काउंसेलिंग में मौजूद विशेषज्ञों ने दिये. कैरियर काउंसेलिंग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित हुए और अपने मन में कैरियर चयन को लेकर उठ रहे सवालों को रखा. वैसे काउंसेलिंग में आये छात्र-छात्राओं में अधिकतर विद्यार्थियों का रुझान इंजीनियरिंग, एनडीए, यूपीएससी की ओर दिखा.
लड़कियों ने बैंकिंग में जाने के लिए मार्गदर्शन लिया.
10वीं से ही तय कर लें लक्ष्य :आइआइटी के एक्सपर्ट नीरज कुमार ने आइआइटी से नये पैटर्न से छात्रों को अवगत कराते हुए कहा कि दो चरणों में होने वाली परीक्षा में छात्रों जरूरी है कि मैथ, फिजिक्स व केमिस्ट्री पर उनकी अच्छी पकड़ हो. उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि छात्र 10 वीं से ही अपनी तैयारी शुरू कर दें.
उन्होंने आइआइटी में अच्छा स्कोर करने में 12 वीं में प्राप्त अंकों का काफी महत्व होने की बात कही.समय की बचत करता है जीएस का पेपर :वहीं, जीएस के एक्सपर्ट मन्नजय कुमार ने यूपीएससी, बीपीएससी तथा बैंकिंग व रेलवे सेक्टर में सफलता के लिए जीएस की अच्छी तैयारी को जरूरी बताया. उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा में टाइम मैनेजमेंट की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जेनरल स्टडी समय बचाने वाला पेपर है. इसलिए खूब प्रैक्टिस करने की जरूरत है.
कंप्यूटर का नॉलेज जरूरी :उधर, आइटी एक्सपर्ट मुरारी शरण ने आइटी सेक्टर में नौकरी की अपार संभावनाओं के बारे में बताया. उन्होंने बीटेक, एमटेक, टैली समेत अन्य शॉट टर्म कोर्सो की भी जानकारी दी. वहीं अमरेंद्र सिंह ने कॉमर्स व एकाउंट फिल्ड में बेहतरीन अवसर की जानकारी देते हुए उपस्थित छात्रों से सीए की परीक्षा में सफलता पाने के लिए कई टिप्स दिये.
