छपरा (सदर) : सारण स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन शुरू है. परंतु, दो दिनों में अब तक नामांकन का खाता नहीं खुला है. अबतक बीजेपी से इंजीनियर सच्चिदानंद राय, जदयू से सलीम परवेज तथा निर्दलीय इ संजय कुमार ने नामांकन पत्र खरीदा है. 18 जून तक नामांकन होना है. ऐसी स्थिति में 15 जून से नामांकन प्रक्रिया के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है.
हर कोई प्रथम वरीयता के वोट पर जीतने के जुगाड़ में : सारण स्थानीय प्राधिकार के लिए भावी प्रत्याशी लगातार त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के प्रतिनिधियों से संपर्क में हैं. हर भावी उम्मीदवार पंचायत प्रतिनिधियों से प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की गुहार लगा रहा है.
हर भावी उम्मीदवार को यह एहसास है कि 50 फीसदी प्रथम वरीयता का वोट मिलने के बाद दूसरी वरीयता के वोट की गिनती जरूरी नहीं है. यदि 50 फीसदी से कम प्रथम वरीयता का वोट मिलता है तो निश्चित तौर द्वितीय वरीयता का वोट गिनना पड़ेगा.
सबसे ज्यादा मतदाता मांझी, तो सबसे कम छपरा नगर पर्षद बूथ पर : सारण स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के लिए सात जुलाई को होनेवाले निकाय चुनाव में कुल 5574 मतदाता 21 बूथों पर मतदान करेंगे, जिनमें सभी 20 प्रखंडों के बीडीओ कार्यालय में तथा एक बूथ छपरा नगर पर्षद में होगा.
इन मतदाताओं में सबसे ज्यादा 420 मतदाता मांझी प्रखंड मुख्यालय के बूथ, पर तो सबसे कम महज 44 मतदाता छपरा नगर पर्षद मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वहीं, लहलादपुर प्रखंड में 133, एकमा में 319, बनियापुर में 410, रिविलगंज में 147, जलालपुर में 266, नगरा में 175, छपरा सदर में 331, पानापुर में 181, मशरक में 279, इसुआपुर में 219, तरैया में 216, अमनौर में 305, मढ़ौरा में 370, गड़खा में 409, मकेर में 137, परसा में 243, दरियापुर में 388, दिघवारा में 180, सोनपुर में 377 मतदाता मतदान करेंगे.
भीड़ के मद्देनजर रहेगी जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था : सोमवार से सारण स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन की रफ्तार बढ़ने व भीड़ के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम दीपक आनंद के द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजार किये गये हैं.
पूरे परिसर में जहां मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी तथा जवानों की तैनाती की गयी है. वहीं, निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय की ओर एसपी कार्यालय की ओर से आनेवाली सड़क, जिला निर्वाचन कार्यालय, आपदा प्रबंधन कार्यालय की ओर से बैरिकेडिंग कर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है.
