अपराधियों ने दो घरों से तीन लाख की संपत्ति उड़ायी, दंपती को पीट कर किया घायल
छपरा (सारण) : शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दो घरों में अपराधियों ने एक साथ चोरी व डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया. घटना शनिवार की रात की है. मेथवलिया पोखरा मुहल्ले के निवासी शशि शंकर प्रसाद के घर डकैतों ने धावा बोल दिया.
दस की संख्या में पहुंचे डकैतों ने घर में घुस कर लूटपाट की तथा इसका विरोध करने पर अपराधियों ने गृहस्वामी तथा उनकी पत्नी गायत्री देवी को घायल कर दिया. इस दौरान आभूषण, वस्त्र तथा नकद समेत करीब एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लूट ली. घायल दंपती का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है.
घायलों ने बताया कि 10 की संख्या में हथियारों से लैस अपराधी पहुंचे और पांच अपराधियों ने घर को बाहर से घेर लिया तथा पांच अपराधी घर में प्रवेश कर गये. लूटपाट का विरोध करने पर मारपीट की गयी. घटना को अंजाम देकर अपराधियों के भागने के बाद आस-पड़ोस के लोग पहुंचे. लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
दो लाख की संपत्ति चोरी : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर मुहल्ले में चोरी की घटना शनिवार की रात हुई.एलआइसी एजेंसी मुन्ना सिंह के घर से चोरों ने करीब दो लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली. इस संबंध में मुफस्सिल थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. दर्ज मामले में कहा गया है कि वस्त्र, आभूषण, नकद समेत चारों ने दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चुरा ली.
चोरी-डकैती की घटनाएं बढ़ीं : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चोरी डकैती की बढ़ती घटनाओं के कारण लोगों में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है. क्षेत्र में लगातार चोरी, डकैती, वाहन चोरी के घटनाएं हो रही हैं.
चार दिनों पहले भी अपराधियों ने प्रभुनाथ नगर के एक घर से हजारों की संपत्ति चुरा ली थी. हाल के महीनों में हुई चोरी-डकैती के मामले में अपराधियों को पकड़ने में मुफस्सिल थाने की पुलिस नाकाम रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुफस्सिल थाने की पुलिस की निष्क्रियता व लापरवाही के कारण चोरी-डकैती की घटनाएं काफी बढ़ गयी हैं.
