भारतीय स्टेट बैंक की बाजार शाखा से ग्राहक के बैग से गायब किये थे रुपये
छपरा (सारण) : भारतीय स्टेट बैंक की बाजार शाखा से ग्राहक के बैग से तीन लाख रुपये गायब करनेवाले दो अपराधियों को पुलिस ने 24 घंटों के अंदर गिरफ्तार करने तथा गायब किये गये तीन लाख रुपये बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है.
पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह के निर्देश पर घटना के तुरंत बाद नगर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया.
इस घटना को अंजाम देने में चार अपराधी संलिप्त थे, जिसमें से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और शेष दो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. इस मामले में संलिप्त सभी चारों अपराधी अंतर जिला गिरोह के है.
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि पकड़े गये दोनों पटना जिले के आर ब्लॉक रवींद्र भवन के नजदीक रहनेवाले स्व सुरेंद्र मिश्र का पुत्र राजू मिश्र तथा माया मिश्र का पुत्र सोनू मिश्र शामिल हैं. दोनों अपराधियों को पुलिस ने सोनपुर से गिरफ्तार किया. छापेमारी दल में पुअनि अनिल कुमार, राजकुमार चौधरी, जयनारायण राम, राणा प्रसाद, एएसआइ तुफैल अहमद खान, पुरुषोत्तम पांडेय आदि शामिल हैं.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मीरा मुसेहरी गांव के त्रिगुणा गिरि के पुत्र सत्यनारायण गिरि ने भारतीय स्टेट बैंक के बाजार शाखा से पांच लाख रुपये की भी निकासी की और पासबुक अपडेट कराने दूसरे काउंटर पर गया, इसी बीच उसके बैग से अपराधियों ने तीन लाख रुपये निकाल लिये.
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान : अपराधियों की पहचान सीसी टीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर किया गया.
पकड़े गये दोनों अपराधियों तथा दो अन्य अपराधी जो नहीं पकड़े गये है, उन्हें सत्यनारायण गिरि के बैग से रुपये निकालते हुए देखा जा सकता है.
कई कांडों में संलिप्तता स्वीकारी :पकड़े गये अपराधियों ने शहर में हुई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.हाल के दिनों में शहर में हुई कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद यह गिरोह पुलिस के हत्थे पहली बार चढ़ा है. अब तक पुलिस को कोढा गिरोह के संलिप्त होने की आशंका थी और कोढा गिरोह के अपराधियों को पकड़ने के लिये हाथ पांव मार रही थी.
