आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो को किया आग के हवाले
रसूलपुर : छपरा-सीवान मुख्य पथ पर रसूलपुर थाना अंतर्गत चैनवा के समीप बोलेरो के धक्के से साइकिल सवार एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही शुक्रवार की रात हो गयी. दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़ कर फरार हो गया.
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो को आग के हवाले कर दिया. सड़क दुर्घटना तथा ग्रामीणों द्वारा बोलेरो में आग लगाये जाने के कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लग गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बलों के साथ पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया.
थाने से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगा कर बोलेरो में लगी आग को पुलिस ने बुझाया तथा बोलेरो को जब्त कर थाना ले जाया गया, तब जाकर सड़क जाम हटा और यातायात बहाल हो सका. इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गयी थी. बताया जाता है कि रसूलपुर थाना क्षेत्र क्षेत्र के चपरैठा गांव के जंगीलाल राम का पुत्र धर्मेद्र राम (24 वर्ष) तथा मन्नू राम रसूलपुर बाजार से अपने घर वापस लौट रहे थे,
तभी चैना के समीप अनियंतित्र बोलेरो ने ठोकर मार दिया, जिससे धर्मेद्र की मौत हो गयी और दूसरा घायल हो गया. इस संबंध में मृतक के पिता ने प्राथमिकी दर्ज करायी है और पुलिस ने आगजनी के मामले में 10 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
