शादी व तिलक समारोह बन रहे रणक्षेत्र

हिंसक हुईं शादी विवाह की रस्में, बैरंग लौट रही तिलक व बरात छपरा (सारण) : शादी विवाह व तिलक समारोह अक्सर बन रहे हैं रणक्षेत्र. आये दिन शादी विवाह व तिलक समारोह में हो रही हैं मारपीट की घटनाएं. कहीं बिना तिलक चढ़ाये लोग लौट रहे हैं वधू पक्ष के लोग, तो कहीं बिना शादी […]

हिंसक हुईं शादी विवाह की रस्में, बैरंग लौट रही तिलक व बरात
छपरा (सारण) : शादी विवाह व तिलक समारोह अक्सर बन रहे हैं रणक्षेत्र. आये दिन शादी विवाह व तिलक समारोह में हो रही हैं मारपीट की घटनाएं. कहीं बिना तिलक चढ़ाये लोग लौट रहे हैं वधू पक्ष के लोग, तो कहीं बिना शादी के बैरंग लौटाये गये बराती.
विवाह समारोह में ऑर्केस्ट्रा का नाच बन रहा मारपीट का कारण. मनचाहा दहेज नहीं मिलने से लौट रहा है तिलक. दूल्हे का हाथ कांपना भी शादी टूटने का कारण बना. सभी बंधनों में मजबूत शादी के रिश्ते में दहेज की गांठ से बढ़ रही हैं मुश्किलें.
तिलक लौटाने पर दूल्हे के पिता गये हवालात : जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाजार पर चंद्रिका साह के पुत्र राजू साह की सोमवार की रात आये तिलक को मनपसंद बाइक नहीं मिलने के कारण वापस लौटा दिया गया. सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव मुनेश्वर साह के यहां से तिलक आया था. चंद्रिका साह के पुत्र राजू के साथ मुनेश्वर की पुत्री शोभा की शादी तय हुई थी.
समय पर तिलक चढ़ाने वधू पक्ष के लोग पहुंचे और तिलक चढ़ाने की रस्म शुरू हुई. जब वर पक्ष के लोगों को मनपसंद बाइक नहीं मिली, तो मारपीट शुरू हो गयी. मारपीट होते ही भगदड़ मच गयी. मारपीट की इस घटना में लड़की के भाई समेत वधू पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये.
घटना की सूचना पाकर मौके पर रसूलपुर थाने की पुलिस पहुंंची और दूल्हा के पिता को हिरासत में ले लिया. तिलक वापस लौट गया है. हालांकि दोनों पक्षों के लोग सुलह-समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं.
ऑर्केस्ट्रा के दौरान बरात में मारपीट: शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करिंगा गांव में आयी बरात में ऑर्केस्ट्रा पार्टी के नाच के दौरान सोमवार की रात जम कर मारपीट हुई. मारपीट के कारण बरात में भगदड़ मच गयी. इस घटना में करीब आधा दर्जन बराती घायल हो गये तथा कई वाहनों को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद रात में ही अधिकतर बराती भाग खड़े हुए.
दूल्हा के परिजनों ने भी इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचायी. बताया जाता है कि करिंगा गांव में बरेजा गांव से बरात आयी थी. बाद में किसी तरह विवाह की रस्म पूरी हुई और दूल्हा-दुल्हन को विदा किया गया.
एक नजर में घटनाएं
– जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के जीवपुरा मोरेया गांव में रविवार की रात वर-वधू पक्ष के बीच मारपीट के कारण बराती बैरंग लौटाये गये.
करीब दो दर्जन बराती घायल हो गये. चार बराती गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका उपचार सदर अस्पताल में कराया गया. घटना का कारण बरात का विलंब से पहुंचना है.
– जलालपुर थाना क्षेत्र के संवरी गिरि टोले में रविवार की रात आयी बरात महज इसलिए लौटा दी गयी, क्योंकि दूल्हा का हाथ कांप रहा था. दूल्हे का हाथ कांपता देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके कारण बरात को बैरंग लौटना पड़ा. बरात खुदीश गिरि के यहां सीवान जिले के भाथा खुर्द गांव से आयी थी.
कहते हैं थानाध्यक्ष
मनपसंद बाइक नहीं मिलने के कारण तिलक वापस लौटाने के आरोप में दूल्हे के पिता को हिरासत में लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है. लड़की की पिता की शिकायत पर लड़के के पिता को हिरासत में लिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >