दो दिवसीय बिहार -झारखंड बंद के दौरान नक्सलियों ने जिले में जम कर उत्पात मचाया. नक्सली वारदातों में लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. घटना के मद्देनजर पुलिस भी काफी चौकसी बरत रही है. सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. नक्सलियों को पकड़ने के लिए पुलिस सघन छापेमारी कर रही है.
छपरा (सारण) : नक्सली वारदात में करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति की क्षति पहुंची. बिहार-झारखंड बंद के दौरान नक्सलियों ने पानापुर थाना क्षेत्र के चकिया गांव में रविवार की रात डायनामाइट लगा कर मोबाइल टावर को उड़ा दिया और सड़क निर्माण कंपनी के क्रेन को आग लगा दिया. क्षतिग्रस्त और आग से जले टावर व क्रेन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंका गया है. इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. घटना स्थल पर मढ़ौरा एसडीपीओ लालबाबू यादव, नक्सली अभियान के एएसपी राजेश कुमार कैंप कर रहे है. सैकड़ों की संख्या में पुलिस तथा एसएसबी जवानों को तैनात किया गया है.
थानों को एसपी ने किया एलर्ट
पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने पानापुर में हुई घटना के मद्देनजर सभी थानों की पुलिस को एलर्ट कर दिया है और विशेष सतर्कता व चौकसी बरतने का निर्देश दिया है. राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पहले से सभी थानों को एलर्ट कर दिया गया था. खास कर गंडक नदी के दियारा सीमा से लगे सभी थानों को विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है.
होगी फांरेंसिक जांच
डायनामाइट बम लगा कर चकिया में मोबाइल टावर को उड़ाने की फोरेंसिकजांच करायी जायेगी. इसके लिये फोरेंसिक लैब की टीम को बुलाया जा रहा है. फोरेंसिक जांच से नक्सलियों द्वारा प्रयोग किये गये बम के बारे में जानकारी मिल सकेगी. बताया जाता है कि टावर को उड़ाने के लिए नक्सलियों ने काफी शक्तिशाली बम का प्रयोग किया गया है.
संचार सेवा बाधित
नक्सलियों द्वारा मोबाइल टावर उड़ाये जाने से संचार सेवा ठप हो गया है और इंटरनेट सेवा भी बाधित है. एक ही टावर पर दो कंपनियों के बीटीएस लगाये गये थे. एयरटेल तथा आइडिया का टावर उड़ाये जाने से उपभोक्ताओं के मोबाइल बंद पड़े हैं. उपभोक्ताओं को दूसरी कंपनियों के मोबाइल का सहारा लेना पड़ रहा है.
दो अलग-अलग मामले दर्ज
नक्सलियों द्वारा मोबाइल टावर उड़ाने तथा सड़क निर्माण कंपनी के क्रेन में आग लगाने के मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. सड़क निर्माण कंपनी के क्रेन चालक राजकुमार के बयान पर आगजनी की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. जबकि मोबाइल टावर उड़ाने के मामले में टावर की सुरक्षा में तैनात गार्ड ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. दोनों मामलों में देशद्रोही कानून की धाराएं लगायी गयीं हैं.
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
चकिया गांव में हुई नक्सली वारदात के बाद पुलिस ने कई गांवों छापेमारी की ओर इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा है. जिनसे पूछताछ की जा रही है. हालांकि पुलिस ने इस बाबत कुछ भी बताने से इनकार किया है. पुलिस ने दावा लिया है कि इस घटना में संलिप्त नक्सलियों की पहचान कर ली गयी है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जायेगा.
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
गंडक नदी के दियारा से सटे जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और नक्सली वारदात के खिलाफ ग्रामीणों को संगठित होकर विरोध करने की अपील की. साथ ही नक्सलियों के बारे में सूचना पुलिस को देने की अपील की. क्षेत्र में विधि -व्यवस्था व शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस व एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों को जागरूक किया.
क्या कहते हैं एसपी
नक्सली वारदात के मद्देनजर सभी थानों को चौकसी व सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. पानापुर तथा अन्य थाना क्षेत्रों में पुलिस तथा एसएसबी जवानों के द्वारा पेट्रोलिंग करायी जा रही है. चकिया की घटना में संलिप्त नक्सलियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.सत्यवीर सिंह
पुलिस अधीक्षक, सारण
