दिघवारा : प्रखंड अधीन क्षेत्रों में मंगलवार की दोपहर भूकंप के दो झटकों के बाद लोग दहशत में दिखे एवं हर लोगों के चेहरे पर भूकंप का खौफ रहा. वहीं, अफवाह का दौर देर शाम तक जारी रहा. मलखाचक निवासी मोती सिंह के दालान का कुछ हिस्सा धंस गया.
वहीं, भूकंप में भागने के क्रम में पीपरा निवासी अरुण सिंह का दाहिना पैर टूट गया. भूकंप को लेकर हर जगह अफरा-तफरी मची रही. बच्चे, बूढ़े व जवान सभी जान बचाने को तत्पर दिखे. प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को नियंत्रित करने में स्कूल प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
