छपरा (नगर) : सादी उत्तर पुस्तिका खरीद मामले में जेपी विवि के कुलपति प्रो द्विजेंद्र गुप्ता के विरुद्ध शोध विद्यार्थी संगठन ने एक बार फिर मोरचा खोल दिया है. गुरुवार को छात्रों ने राजेंद्र कॉलेज के मुख्य गेट के समीप कुलपति का पुतला जला कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की.
इसके पूर्व आक्रोशितछात्रों ने कुलपति को गिरफ्तार करो, कुलपति मुर्दाबाद, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करनेवाले कुलपति को बरखास्त करो आदि के नारे लगाये.
पुतला दहन का नेतृत्व कर रहे संगठन के संयोजक धीरज सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि जब से कुलपति डॉ डी गुप्ता हुए हैं, तब से यहां की शैक्षणिक व्यवस्था चौपट हो गयी है. उन्होंने कहा कि समय से परीक्षा व रिजल्ट जारी नहीं किये जाने से हजारों छात्रों का भविष्य बरबाद हो रहा है. सह संयोजक चुन्नु सिंह ने कहा कि भ्रष्ट कुलपति के विरुद्ध संगठन ने आंदोलन शुरू किया है.
उन्होंने कहा कि जब तक कुलपति की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब तक संगठन अपना आंदोलन जारी रखेगा. मौके पर महासचिव सोनू राय, बिट्टू कुमार, गौतम राय, महेश राय, मुनमुन प्रसाद, भोला राय, संजय श्रीवास्तव सहित दर्जन भर छात्र उपस्थित थे.
