प्रेम प्रसंग में अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
शव को सड़क के किनारे फेंका
दरियापुर : थाना क्षेत्र के केवटिया गांव के पास रविवार की रात एक टेंपोचालक की हत्या कर अपराधियों ने फेंक दिया, जिसका शव सोमवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया. बरामद शव की शिनाख्त सैदपुर गांव के युगेश्वर चौधरी के पुत्र दिनेश चौधरी 27 वर्ष के रूप में हुई.
हत्या की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर यातायात को बाधित कर दिया. बाद में पुलिस के द्वारा सड़क जाम हटवाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि टेंपोचालक की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया.
प्रेम प्रसंग में हुई हत्या : टेंपो चालक दिनेश की हत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है. हालांकि इस बात को खुल कर परिजन नहीं कह रहे हैं और पुलिस भी इसे जांच का विषय बता रही है.
लेकिन, ग्रामीण में इस बात कि चर्चा है कि प्रेम प्रसंग के कारण दिनेश की हत्या की गयी है. हत्या करने के बाद अपराधियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि दुर्घटना का रूप दिया जा सके. इस मामले में जितने मुंह, उतनी बातें कहीं जा रही हैं. दिनेश की रहस्यमय हत्या की घटना पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है.
दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज : दिनेश चौधरी की हत्या के मामले में उसकी मां प्रभावती देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें केवटिया गांव के सुखराम राय तथा राखी राय को नामजद किया गया है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया तथा परिजनों को सौंप दिया. दिनेश की हत्या पीट-पीट कर की गयी है.
