पानापुर में आग्नेयास्त्र के साथ आठ नक्सलियों को किया गिरफ्तार
सारण के दियारे में करीब एक दशक से नक्सली अपनी गतिविधियां चला रहे हैं. दियारा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय नक्सली न केवल सारण, बल्कि पड़ोसी जिला मुजफ्फरपुर तथा गोपालगंज की पुलिस के लिए मुसीबत बने हुए है.
छपरा (सारण) : जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में मुजफ्फरपुर पुलिस नक्सलियों के खिलाफ जांच अभियान रविवार की रात चलाया. इस अभियान में पुलिस ने आठ नक्सलियों को गिरफ्तार किया है जो पानापुर थाना क्षेत्र के बसहियां गांव के रहनेवाले नक्सलियों के खिलाफ चलाये गये ऑपरेशन के दौरान गोली-बारी किये जाने की खबर है. पकड़े गये नक्सलियों को मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाने में रखा गया है. पुलिस द्वारा चलाये गये अभियान में नक्सलियों में खलबली मच गयी है.
इस ऑपरेशन में मुजफ्फरपुर जिले की पुलिस के अलावा स्पेशल टास्क फोर्स की टीम और सीमा सुरक्षा बल के जवान भी शामिल थे. दियारा क्षेत्र में रविवार की रात में ऑपरेशन शुरू हुआ, जो सोमवार की सुबह तक चला.
नक्सली गतिविधियों का केंद्र है गंडक दियारा
उत्तर बिहार के सारण, गोपालगंज तथा मुजफ्फरपुर जिले की सीमा पर अवस्थित पानापुर गंडक का दियारा क्षेत्र लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का केंद्र रहा है. इस क्षेत्र में करीब एक दशक से नक्सली अपनी गतिविधियां चला रहे हैं. दियारा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय नक्सली न केवल सारण, बल्कि पड़ोसी जिला मुजफ्फरपुर तथा गोपालगंज की पुलिस के लिए मुसीबत बने हुए है.
लंबे समय बाद मिली सफलता
गंडक के दियारा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाये सर्च ऑपरेशन में पुलिस को लंबे समय के बाद महत्वपूर्ण सफलता मिली है और एक साथ नक्सलियों को हथियार के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गये नक्सलियों के पास काफी मात्र में आगAेयास्त्र भी बरामद हुआ है. ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों तथा पुलिस के बीच मुठभेड़ होने की भी सूचना है. हालांकि मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हो पायी है. करीब सात घंटे तक लगातार चले ऑपरेशन से दियारा क्षेत्र में खलबली मची रही. इस दौरान कई बंकरों को भी पुलिस ने ध्वस्त किया.
पकड़े गये नक्सली पानापुर के हैं निवासी
मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा पकड़े गये आठो नक्सली पानापुर थाना क्षेत्र के बसहियां गांव के निवासी हैं. पकड़े गये नक्सलियों में जयचंत सहनी, चांद केश्वर सहनी, सिकंदर सहनी, निशु सहनी, बासगीत सहनी, सेवक सहनी आदि शामिल हैं.
