छपरा (कोर्ट) : मशरक के गंडामन धर्मासती स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में विषाक्त मध्याह्न् भोजन खाने से 23 बच्चों की हुई मौत मामले में अभियुक्त बनाया गया. विद्यालय की तत्कालीन प्रधान शिक्षिका मीना देवी अपने पति अजरुन राय के साथ न्यायालय में प्रस्तुत हुई.
सोमवर को गंडामन हादसा मामले के सत्रवाद संख्या 811/13 में गवाही होने के कारण दोनों को मंडल कारा से न्यायालय में पेश किया गया था, परंतु कतिपय कारणों से गवाह के प्रस्तुत नहीं होने के कारण इस मामले में गवाही नहीं हो सकी. अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय विजय आनंद तिवारी ने गवाही की अगली तिथि 22 अप्रैल को निर्धारित किया है. साथ ही मीना अजरुन की न्यायिक हिरासत की अवधि भी 22 तक बढ़ा दी है.
गवाही होने को लेकर अभियोजन एवं बचाव पक्ष के अधिवक्ता न्यायालय में उपस्थित हुए परंतु जिनकी गवाही होनी थी वह न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हुआ. इस वजह से गवाही नहीं हो सकी. बताते चले कि इस मामले में अब तक 10 गवाहों की गवाही हो चुकी है, जबकि पांच दर्जन से ऊपर गवाह हैं और सबों की गवाही होनी है.
