मंडल कारा में बंद हैं तीनों आरोपित
22 दिसंबर, 2014 को हुई थी इसुआपुर थानाध्यक्ष की हत्या
छपरा (कोर्ट) : इसुआपुर के थानाध्यक्ष संजय तिवारी की गोली मार कर हत्या कर दिये जाने के मामले में गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों पर न्यायालय ने संज्ञान लिया है. गुरुवार को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी शक्तिधर भारती ने दारोगा हत्याकांड मामले में इसुआपुर थानेमें दर्ज कांड संख्या 145/14 के तीन अभियुक्तों को इसुआपुर थाना क्षेत्र के गंगोई निवासी रिकेश कुमार उर्फ लव कुमार और राजन कुमार सिंह उर्फ कुश के अलावा रवि रंजन कुमार सिंह उर्फ कल्लू पर संज्ञान लिया.
बताते चलें कि 22 दिसंबर, 2014 को दारोगा की हुई हत्या के तीसरे दिन 25 दिसंबर को पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के आधार पर राजन समेत तीनों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में राजन ने स्वीकार किया था कि इस घटना को अंजाम देनेवाले कैलाश सिंह उर्फ चेक सिंह और उसके साथियों के संपर्क में वह था और पेट्रोल पंप का पैसा लूटने में वह लाइनर की भूमिका में भी था.
साथ ही जब दारोगा की हत्या हुई, तो वह घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर खड़ा था. इस मामले के अनुसंधानकर्ता ने तीनों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र भी समर्पित कर दिया है. साथ ही इन तीनों की जमानत भी अदालत द्वारा खारिज कर दी गयी है.
