छपरा (सदर) : संपत्ति का ब्योरा अबतक नहीं समर्पित करनेवाले जिला कृषि पदाधिकारी रामगोविंद सिंह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जलालपुर, दिघवारा, जिला कृषि कार्यालय के प्रधान सहायक तथा तरैया बाल विकास परियोजना के प्रधान सहायक का वेतन भुगतान अगले आदेश तक स्थगित करते हुए डीएम ने जवाब-तलब किया है.
वहीं, 17 मार्च तक ब्योरा नहीं देने पर इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की भी बात कही. डीएम दीपक आनंद शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रधान सहायकों के साथ बैठक कर रहे थे. बैठक में उन्होंने प्रधान सहायकों से कहा कि कार्यालय में बिना काम के लोगों का जमावड़ा किसी भी स्थिति में बरदाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय में इधर-उधर लोग भागने लगते, जो इस बात का प्रमाण है कि कार्यालयों में बिचौलिये काम करते हैं.
उन्होंने आरटीपीएस काउंटर पर किसी भी हालत में आमजनों का शोषण नहीं होना चाहिए, अन्यथा संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. प्रत्येक अनुमंडल कार्यालय में पांच तथा प्रखंड कार्यालय में दो-तीन ट्राइ साइकिलें रखने का निर्देश डीएम ने सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक को दिया. साथ ही कहा कि किसी भी स्थिति में जरूरतमंद विकलांग को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने में देरी नहीं की जाये.
