मां भी गंभीर रूप से घायल
बनियापुर : सेना में नौकरी की मांगी गयी मन्नत का चढ़ावा चढ़ा लौट रहे नवपदस्थापित 25 वर्षीय जवान की मौत सूमो की चपेट में आने से हो गयी. घटना शुक्रवार की दोपहर एनएच 101 पर प्रखंड मुख्यालय की गैस एजेंसी के सामने की है. घटना में मृतक की बाइक पर सवार उसकी मां गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं. उनका इलाज स्थानीय रेफरल अस्पताल में चल रहा है.
मृतक थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी ललन पंडित का पुत्र विशाल कुमार पंडित है एवं गंभीर रूप से घायल मां रीता देवी बतायी जा रही है.
घटना के बाद सूमो चालक वाहन के साथ भागने में सफल रहा. विशाल आइटीबीपी सेना का प्रशिक्षण पूरा कर कानपुर में योगदान कर तीन दिन पूर्व ही घर लौटा था. घर आने के बाद नौकरी के लिए मांगी गयी मन्नत को पूरा करने के उद्देश्य से अपनी मां के साथ बाइक से सीवान जिले के भगवानपुर दुर्गा मंदिर गया था.
वापस लौटने के क्रम में उसकी बाइक सूमो की चपेट में आ गयी और सूमो जवान को रौंदती हुई आगे बढ़ गयी. घटना की सूचना पर आस-पड़ोस के लोग पहुंच युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले गये. चिकित्सक ने जवान को मृत घोषित कर दी. सूचना पर थाने की पुलिस ने अस्पताल पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन हतप्रभ रह गये. उन्हें भरोसा ही नहीं हो रहा था कि हादसे में ऐसा कुछ हो जायेगा. जवान अपने माता-पिता का इकलौता संतान था. घटना से मर्माहत पिता के आंखों के आंसू सूख चुके थे एवं जुबान से आवाज नहीं निकल रही थी. वहीं, मां अचेतावस्था में पुत्र का हाल जानने के लिए बेचैन रही.
नहीं था हेलमेट : अगर जवान के सर में हेलमेट रहता, तो उसकी जान बच सकती थी. यह चर्चा उपस्थित लोगों के बीच रही. वहीं, सूमो चालक के अव्यस्क रहने एवं अनियंत्रित वाहन चलाने की चर्चा एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा इन मामलों के प्रति उदासीनता की चर्चा स्थानीय लोगों के बीच जोरों पर रही.
