मकेर : प्रखंड की पीरमकेर पंचायत के सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सैकड़ों पेंशनधारियों ने पेंशन नहीं मिलने से नाराज होकर प्रखंड व अंचल कार्यालय के आरटीपीएस काउंटर में ताला लगा दिया और गेट के सामने बैठ कर प्रदर्शन करने लगे.
पीरमकेर पंचायत की देवमुनी कुंअर, शांति देवी, मदीना खातून, शंकर राम, ब्रrादेव सहनी ने बताया कि हमलोगों कों 14 माह से पेंशन नहीं मिल रही है. वहीं बाबूलाल राय ने बताया कि मेरी पेंशन 2012 में स्वीकृत है, लेकिन आज तक तीन माह का ही पेंशन प्राप्त हुआ है,जबकि जिले में हर जगह पेंशन का वितरण हो रहा है.
हमलोगों को उम्मीद थी कि पेंशन होली के मौके पर मिलेगा. जब होली के दो दिन शेष बचे, तो हमलोग बीडीओ से इस संबंध में पूछने के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंचे, तो बीडीओ अनुपस्थित पाये गये. विवश होकर हमलोगों ने प्रखंड व अंचल आरटीपीएस काउंटर के कर्मचारियों को बाहर कर गेट में ताला लगा दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक पेंशन का वितरण होता है, तब तक ताला हमलोग नहीं खोलेंगे.
प्रखंड में ताला लगने की सूचना जैसे ही हुई, थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, एएसआइ मुतरुजा खां को मिली, वे दल-बल के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंच पेंशनधारियों से बात की और उनकी समस्याओं को जानने के बाद बीडीओ रज्जनलाल निगम से मोबाइल पर बात कर मुखिया प्रतिनिधि दीपक कुमार से बात करायी. बीडीओ ने मोबाइल पर ही सोमवार से पेंशन वितरण करने का आश्वासन दिया. तब जाकर पेंशनधारियों ने कार्यालय का ताला खोला. इस संबंध में बीडीओ रज्जनलाल निगम ने बताया कि पीर मकेर पंचायत में 17 सौ पेंशनधारी हैं.
पहले तीन माह के पेंशन के लिए पंचायत सचिव शिवचंद्र राम को 20 लाख 40 हजार रुपया दिया गया था, जिसका लेखा-जोखा पंचायत सचिव द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया था. इसमें कई त्रुटियां पायी गयीं. इसी के कारण पेंशन वितरण में विलंब हुआ.
