छपरा (सारण) : पोलियो से पूरी तरह मुक्ति पा चुके सारण जिले में 18 से 22 जनवरी तक पल्स पोलियो कार्यक्रम चलाये जाने की तैयारी व्यापक स्तर पर की गयी है.
जिला टास्क फोर्स की बैठक में संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये हैं. 20 प्रखंडों में करीब साढ़े पांच लाख घरों के पांच वर्ष तक के लगभग सात लाख बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
तीन वर्षो में नहीं मिला एक भी मरीज : जिले में तीन वर्षो में पोलियो का एक भी मरीज नहीं मिला है. यह इस जिले के लिए काफी महत्वपूर्ण उपलब्धि है. अब आगे इस पर नियंत्रण बनाये रखने के लिए अभियान को पूरी तत्परता व सक्रियता के साथ कार्यान्वित करने की दिशा में विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रयास किया जा रहा है.
लापरवाह कर्मियों पर होगी कार्रवाई : सिविल सजर्न विनय कुमार यादव ने सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी तथा चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्र में अभियान शुरू होने के पहले व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराएं. इस कार्य में आशा को लगाये जाने का निर्देश दिया गया है.
अभियान शुरू होने के पहले सभी पोलियो कर्मियों को पूरी तरह प्रशिक्षित करे का भी निर्देश दिया गया है. सिविल सजर्न बताया कि किसी भी क्षेत्र में पोलियो की दवा पीने से बच्च छूटेगा, तो उस क्षेत्र के कर्मचारियों तथा अधिकारियों को दंडित किया जायेगा.
क्या कहते हैं अधिकारी
पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान की तैयारी पूरी कर ली गयी है, व्यापक स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है.
डॉ सुरेंद्र प्रसाद सिंह
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, सारण
