रेल महाप्रबंधक ने रेलयात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं देने का दिया आश्वासन
छपरा (सारण) : रेलवे की लंबित परियोजनाओं को लेकर ‘प्रभात खबर’ द्वारा शुरू की गयी मुहिम आखिरकार रंग लायी और छपरा-मशरक-थावे रेलखंड के आमान परिवर्तन का कार्य एक अप्रैल से शुरू कराने की घोषणा पूर्वोत्तर रेलवे के रेल महाप्रबंधक राजीव कुमार मिश्र ने सोमवार को की.
नये रेल महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभालने के बाद पहली बार छपरा जंकशन का निरीक्षण करने पहुंचे श्री मिश्र ने न केवल छपरा जंकशन पर ए वन क्लास स्टेशन के मानक के अनुरूप सुविधा व संसाधन उपलब्ध का निर्देश अधिकारियों को दिया, बल्कि स्टेशन के विकास का विस्तार की संभावनाओं पर भी व्यापक रणनीति बनाये जाने को कहा.
रेल महाप्रबंधक तथा मंडल रेल प्रबंधक ने सारण के जिलाधिकारी के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. छपरा कचहरी तथा छपरा ग्रामीण स्टेशन की योजनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की.
प्रभात खबर में प्रमुखता से छपी थीं खबरें : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन, छपरा कचहरी तथा छपरा ग्रामीण स्टेशनों की लंबित योजनाओं तथा समस्याओं के अलावा लंबित रेल परियोजनाओं से संबंधित समाचार को काफी प्रमुखता के साथ ‘प्रभात खबर’ ने छापा था.
प्रभात खबर के 12 जनवरी, 2015 के अंक में छपे समाचार को गंभीरता से लेते हुए रेल महाप्रबंधक ने त्वरित कार्रवाई की. जिन समस्याओं को समाचार पत्र में छापा गया था, उस पर अधिकारियों के साथ विमर्श कर महाप्रबंधक ने कार्रवाई करने को कहा. कई मामलों में रेल महाप्रबंधक ने कड़ी फटकार भी लगायी.
