आग पर काबू पाने में लग गये दो घंटे
छपरा(सारण) : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करिंगा पंचायत के हिरानी बाग गांव के निवासी व फैक्स अध्यक्ष बबलू राय के घर में गुरुवार को दोपहर के समय रसोई गैस का सिलिंडर विस्फोट कर गया जिससे आग लग गयी. इसमें लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गयी. यह घटना खाना बनाने के समय हुई. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घर में लगी आग पर काबू पाने में ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. अग्निशमन दस्ता तथा पुलिस भी मौके पर पहुंची. बताया जाता है कि दोपहर के समय घर में खाना बनाने के लिए रसोई गैस जलाने के समय ही आग लग गयी. आग काफी तेजी के साथ फैल गया.
इस वजह से घर में रखे गये सामान को नहीं बचाया जा सका. गृहस्वामी बबलू राय ने बताया कि आग लगने के कारण नकद, आभूषण, वस्त्र, फर्नीचर, अनाज समेत करीब सात आठ लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गयी. आग बुझाने में अग्निशमन दस्ता को भी मशक्कत करनी पड़ा. आग लगने के कारण दो घंटे तक अफरा-तफरी मची रही. करीब दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. आसपास के घरों के लोगों में अफरातफरी मची रही और लोग अपना अपना घर छोड़ कर बाहर निकल गये.
