संपत्ति जलाने के मामले में 12 नामजद समेत सौ पर प्राथमिकी

छपरा (सारण) : हत्या की घटना के प्रतिशोध में आरोपित के घर के सामान को जलाने के मामले में एक दर्जन नामजद समेत सौ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस दौरान आग बुझाने गये अग्निशमन दस्ते पर भीड़ ने हमला कर दिया था. भीड़ ने पुलिस बलों को भी निशाना बनाने का प्रयास […]

छपरा (सारण) : हत्या की घटना के प्रतिशोध में आरोपित के घर के सामान को जलाने के मामले में एक दर्जन नामजद समेत सौ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस दौरान आग बुझाने गये अग्निशमन दस्ते पर भीड़ ने हमला कर दिया था. भीड़ ने पुलिस बलों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों की मौजूदगी के कारण उपद्रवी भाग खड़े हुए. इस मामले में भगवान बाजार थाने के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जांच की जा रही है. बताते चलें कि सोमवार की रात में आक्रोशित नागरिकों ने हत्या के आरोपित के घर के सामान को आग के हवाले कर दिया था. शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा मुहल्ले में दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत की घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया. घटना की सूचना पाकर मौके पर भगवान बाजार थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन वहां उत्पन्न विस्फोटक स्थिति से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया.

डीएम तथा एसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी चेत नारायण राय, नगर थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, मुफस्सिल थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह , रिविलगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक कैंप करते रहे. थानाध्यक्ष ने बताया कि छोटे लाल राय तथा भगवान राय के परिजनों के बीच आपसी विवाद के कारण मारपीट की घटना में छोटे लाल राय की मौत सोमवार को हो गयी थी. इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी
और पोस्टमार्टम करा कर शाम में छोटे लाल राय का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया था. इस मामले में पुलिस ने भगवान राय के पुत्र मनोज राय तथा जयप्रकाश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इसके बाद सोमवार की रात में भगवान राय के घर से सब सामान बाहर निकाल कर आग लगा दी गयी. पुलिस ने अग्निशमन दस्ते के सहयोग से आग पर काबू पाया.
पुलिस अगर तुरंत नहीं पहुंचती तो भगवान राय के घर में भी आक्रोशित भीड़ आग लगा देती. इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब आग बुझाने के लिए अग्निशमन दस्ता पहुंचा तो भीड़ ने अग्निशमन दस्ते पर हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और कर्मचारियों पर भी रोड़ेबाजी की. वहीं जब पुलिस पहुंची तो पुलिस पर भी हमला कर दिया गया, लेकिन बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों के पहुंचते ही सभी भाग खड़े हुए. फिलहाल पुलिस वहां कैंप कर रही है.
हत्या के आरोपित के घर के सामान में लगा दी थी आग
आग बुझाने के लिए गये अग्निशमन दस्ते पर भीड़ ने किया था हमला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >