अमनौर : स्थानीय थाना क्षेत्र के गोसी अमनौर गांव में मंगलवार की देर शाम दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट में एक की मौत मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. मालूम हो कि मंगलवार की देर शाम आपसी विवाद को लेकर हुई दो पक्षों में जमकर मारपीट हुआ था. जहां एक पक्ष से सुरेश कुमार सिंह, उमेश चंद्र सिंह, हेमचंद्र सिंह, जयप्रकाश कुमार, मंटू कुमार सिंह, उषा देवी, विशाल सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे. वहीं दूसरे पक्ष से महेश कुमार सिंह व सुबोध कुमार सिंह बुरी तरह जख्मी हो गये थे.
जहां इलाज के लिए अमनौर पीएचसी में भर्ती कराया गया था. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया था. वहां पीएमसीएच में इलाज के दौरान घायल सुरेश सिंह की मौत हो गयी वहीं दो व्यक्तियों की हालत नाजुक बतायी गयी है. सुरेश सिंह की मौत के बाद पीरबिहोर थाना, पटना पुलिस के समक्ष मृतक के पुत्र संजीव कुमार के बयान पर अमनौर थाने में गोसी अमनौर गांव के मुन्ना सिंह, महेश सिंह सहित आठ नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
