27 केंद्रों पर 15000 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

सिपाही भर्ती परीक्षा आज. प्रशासन ने की केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी छपरा (सदर) : केंद्रीय चयन पर्षद, पटना के निर्देशानुसार 22 अक्तूबर को छपरा शहर के विभिन्न 27 केंद्रों पर प्रथम पाली में 15 हजार परीक्षार्थी सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा देंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए […]

सिपाही भर्ती परीक्षा आज. प्रशासन ने की केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी

छपरा (सदर) : केंद्रीय चयन पर्षद, पटना के निर्देशानुसार 22 अक्तूबर को छपरा शहर के विभिन्न 27 केंद्रों पर प्रथम पाली में 15 हजार परीक्षार्थी सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा देंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है, जिससे किसी भी स्थिति में कदाचार करने वालों की एक न चलें. सारण जिले में द्वितीय चरण में होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा को संपन्न कराने के लिये एक ओर जहां सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सह प्रेक्षक तथा पुलिस बल तैनात किये गये हैं. वहीं पांच से छह केंद्रों पर एक उड़नदस्ता दल तो दो से तीन केंद्रों पर जोनल दंडाधिकारी सह समन्वयक की तैनाती की गयी है.
वहीं केंद्राधीक्षकों को अपने-अपने केंद्रों पर जेनरेटर की व्यवस्था करना है. प्रशासन के द्वारा सभी केंद्र पर वीडियोग्राफर की व्यवस्था की गयी है. प्रश्नपत्र को परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पूर्व खोलने का जहां निर्देश दिया गया है, वहीं कम से कम चार वीक्षकों, मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही केंद्राधीक्षक प्रश्नपत्रों की पेटियां खुलेंगी. इस पूरे कार्यकलाप की वीडियोग्राफी करायी जायेगी. फर्जी परीक्षार्थी, ब्लूटुथ या एसे संचार उपकरणों का उपयोग करने पर पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. वहीं जोनल मजिस्ट्रेट सह समन्वयक प्रेक्षक को परीक्षा केंद्र पर नौ बजे ही प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं परीक्षा के नियत समय पर शुरू होने या समाप्त होने की प्रक्रिया व समय पर भी नजर रखना है.
संपर्क पदाधिकारी केंद्राधीक्षकों से समन्वय बनाकर रखेंगे नजर : डीएम हरिहर प्रसाद तथा पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने जारी संयुक्त आदेश में अपर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण कुमार को संपर्क पदाधिकारी बनाते हुए परीक्षा संयोजक एवं केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन में अपेक्षित सहयोग का निर्देश दिया है. वहीं परीक्षा केंद्र पर तैनात दंडाधिकारियों को परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर केवल परीक्षार्थियों को ही प्रवेश पत्र देकर अंदर जाने की अनुमति दी गयी है. किसी भी स्थिति में परीक्षार्थियों के अलावा अनधिकृत व्यक्तियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. किसी भी कारण से परीक्षा में बाधा पहुंचती है तो संबंधित केंद्र के केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी दोषी माने जायेंगे एवं जांचोंपरांत उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी.
प्रशासन ने जिला नियंत्रण कक्ष बना, अग्निशमन, अश्रु गैस दस्ता की व्यवस्था : परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है. इसके अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी की देखरेख में रोस्टर के अनुसार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है. जो सुबह सात बजे से परीक्षा अवधी समाप्त होने के आधे घंटे बाद तक कार्य करेगा. इसके अलावा नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त पुलिस पदाधिकारी, लाठी बल, महिला सिपाही, अश्रु गैस दस्ता के अलावा फायर ब्रिगेड की तैनाती की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >