छपरा(सारण) : चोरी व लूट की पांच बाइकों के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार करने में भगवान बाजार थाना की पुलिस ने महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है.
इस आशय की जानकारी पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने भगवान बाजार थाने में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शनिवार को दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भगवान बाजार चौक पर छापेमारी की, जहां से एक अपराधी को लूट की बाइक के साथ शुक्रवार की रात में गिरफ्तार किया. इस दौरान दो अपराधी भाग गये.
इसके बाद पुलिस की एक टीम गठित की गयी जिनमें थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, पुअनि दिनेश राम, संतोष कुमार रजक, सिपाही श्रीभगवान सिंह, प्रणव कुमार, विनय कुमार, ननूबाबू साह को शामिल किया गया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी पश्चिम टोला में छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जिनके पास से चोरी व लूट की चार बाइकें बरामद की गयीं.
उन्होंने बताया कि सबसे पहले विजय कुमार राय को भगवान बाजार चौक से गिरफ्तार किया गया. वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी पश्चिम टोला निवासी है. बाकी तीन अपराधियों को नैनी पश्चिम टोला से ही विजय राय की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया, जिनमें संतोष राय, सरोज राय, चंद्रमोहन गिरि शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में चारों अपराधियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है और जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
सभी अंतरप्रांतीय गिरोह के सदस्य थे. उन्होंने बताया कि बरामद पांच में से एक बाइक सोनपुर से लूटी गयी थी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी सारण जिले के अलावा सीवान, गोपालगंज तथा वैशाली जिले के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में जाकर भी बाइक चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं जिसके आधार पर जांच व छापेमारी की जा रही है.
