मढौरा : थाना क्षेत्र के हाईस्कूल नट टोली में पुलिस ने छापेमारी कर 14 ड्रम स्पिरिट बरामद की. छापेमारी शनिवार को दिन के करीब दस बजे की गयी.
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष हीरा लाल प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस छापेमारी की गयी. पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर जमीन में गाड़ कर रखी गयी स्पिरिट बरामद की. उन्होंने बताया कि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. छापेमारी के दौरान धंधेबाज फरार हो गये.
शराब के धंधेबाजों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी की जायेगी. उन्होंने बताया कि बरामद स्पिरिट करीब तीन हजार लीटर है. इस दौरान धंधेबाजों ने सैकड़ों लीटर शराब बहा कर फरार हो गये. उन्होंने बताया कि पुलिस को चकमा देने के लिए स्पिरिट जमीन के अंदर गाड़कर रखी गयी थी.
