छपरा (सदर) : पदाधिकारी से लेकर कर्मचारियों के बेहतर प्रयास से ही कृषि योजनाओं का लाभ गांव-गांव में पहुंचाया जा सकता है. किसानों को योजनाओं का लाभ हर हाल में मिलें. ये बातें सारण के प्रमंडलीय आयुक्त नर्मदेश्वर लाल ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर के हॉल में प्रमंडल स्तरीय रबी उत्पादन कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद कहीं.
उन्होंने सारण, सीवान, गोपालगंज से आये पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी सहयोग से बेहतर कृषि उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने की जरूरत जतायी. आयुक्त ने दायित्वों के निर्वाह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. इस अवसर पर राज्य मुख्यालय से आये धनंजयपति त्रिपाठी ने कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारने में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए.
कार्यक्रम में प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव राजेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सारण जयरामपाल, सीवान डीएओ राजेंद्र कुमार वर्मा, गोपालगंज डीएओ सुरेश प्रसाद, वैज्ञानिक आरके झा के अलावा तीनों जिले के आत्मा के परियोजना निदेशक, गोपालगंज के मो अब्दुल वाजिद, विभिन्न अनुमंडलों के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी आदि ने विचार रखें.
