ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के तत्वावधान में हुआ धरना
छपरा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को लोको पायलटों तथा सहायक लोको पायलटों ने डीजल लॉबी के समक्ष प्रदर्शन किया तथा धरना दिया.
इस अवसर पर सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि डीजल लॉबी के मुख्य क्रू नियंत्रक के द्वारा ट्रेनों में चालकों तथा सह चालकों की बुकिंग करने में नियमों का घोर उल्लंघन किया जा रहा है और बुकिंग के नाम पर जबरन नाजायज वसूली की जा रही है.
उन्होंने कहा कि बुकिंग में अनियमितता तथा धांधली के खिलाफ शिकायत करने वालों को गलत मुकदमों में फंसाया जा रहा है और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर बेवजह दंडित कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बुकिंग में वरीयता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है. अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि मुख्य क्रू नियंत्रक के खिलाफ शिकायत करने वालों को अधिकारी उल्टे दंडित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बुकिंग करने के नाम पर भी नाजायज वसूली की जा रही है.
एक्सप्रेस ट्रेन के चालकों से पैसेंजर ट्रेन चलवाया जा रहा है और पैसेंजर ट्रेन के चालकों से एक्सप्रेस ट्रेन चलवाया जा रहा है. धरना स्थल पर आयोजित सभा को सुमन कुमार, रविकांत सिंह, राजेश प्रसाद, अभिषेक कुमार, अभिनव कुमार, शैलेंद्र कुमार यादव, सुगेंद्र प्रसाद, दीपक कुमार, चंदन कुमार, समरेश कुमार आदि ने संबोधित किया. इस मौके पर काफी संख्या में लोको पायलट तथा सहायक लोको पायलटों ने भाग लिया.
