छपरा(सारण). : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर एक यात्री का मोबाइल चुरा रही महिला चोर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार महिला चोर के पास से चोरी की एक मोबाइल भी बरामद किया गया. रेल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार महिला अपराधी सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के बासोपट्टी गांव के जमशेद आलम की पुत्री कुलसुम खातून है.
उन्होंने बताया कि सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के भटकेशरी गांव निवासी रवींद्र राय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है और गिरफ्तार महिला अपराधी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार महिला अपराधी के खिलाफ रेलवे थाना में एक दर्जन से अधिक अपराधिक मामले दर्ज है. वह कोई पहली बार चोरी करने के आरोप में नहीं पकड़ी गयी है, बल्कि इसके पहले भी कई बार विभिन्न रेल थानों में पकड़ी जा चुकी है.
