आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क
अमनौर : स्थानीय थाना क्षेत्र के अमनौर बाईपास सड़क विजयरामजी दास संध्या महाविद्यालय के नजदीक रविवार को एक ट्रक की चपेट में आने से एक 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा करते हुए ट्रकचालक को बंधक बना लिया.
इधर, इसकी सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच घायल व्यक्ति को इलाज हेतु अमनौर पीएचसी में भर्ती कराया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया. पीएमसीएच जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. मृतक अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर हरनारायण तिवारी टोला निवासी रघुवीर राउत बताया गया है.
इधर, उसकी मौत के बाद लोग आक्रोशित हो गये और उक्त बाइपास रोड को घंटों जाम रखा. जाम की सूचना पर एएसपी मढ़ौरा अशोक कुमार सिंह, मढ़ौरा इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित, अमनौर बीडीओ वैभव कुमार मौके पर पहुंच लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया. वहीं मृतक के परिजनों को राष्ट्रीय पारिवारिक योजना के तहत बीस हजार रुपये की सहायता तथा तीन हजार रुपये कबीर अंत्येष्टि के तहत देने की बात कही गयी, जिसके बाद जाम हटाया गया.
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया. इधर, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि अमनौर बाजार की तरफ से गेंहू लदा ट्रक बाईपास होते हुए हाजीपुर जा रही थी कि उक्त सड़क के पास मृतक अपने घर से साइकिल से अमनौर बाजार की तरफ जा रहा था कि अचानक उक्त ट्रक की चपेट में आ गया. जहां उक्त दुर्घटना घट गयी. घटना के बाद मृतक के पत्नी सलमातो देवी व उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
