छपरा (सारण) : जिले के खैरा थाना क्षेत्र के रामपुर कला गांव में अज्ञात अपराधियों ने युवकों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना शुक्रवार को अहले सुबह की है. घायलों को इलाज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों युवकों को पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है.
घायलों में रामपुर कला गांव के धीरज कुमार सिंह (35 वर्ष) तथा कुमोद सिंह (30 वर्ष) शामिल हैं. सुबह में दोनों युवक टहलने गये थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने दोनों युवकों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गयी और इसकी जांच की. अपर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण कुमार ने भी घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच की और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
इसके पहले ही ग्रामीणों ने घायलों को लाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद चिकित्सकों ने पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. घायलों को लेकर जब ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराने के लिए पहुंचे तो काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी. अस्पताल में अफरातफरी का माहौल हो गया. घटना का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है हालांकि घायलों का बयान दर्ज नहीं हो सका है और गोली मारनेवालों की पहचान नहीं हो सकी है. इस संबंध में घायलों का बयान दर्ज होने पर ही असलियत खुलकर सामने आने की संभावना है. इस घटना में घायल नीरज कुमार सिंह को छह गोली मारी गयी है और दूसरे घायल कुमोद सिंह को एक गोली लगी है. दोनों को पीएमसीएच पटना ले जाया गया है. घटनास्थल पर स्थिति सामान्य है लेकिन पुलिस उस पर नजर रख रही है. इस घटना को लेकर लोगों में तरह तरह के चर्चा का बाजार गर्म है. फिलहाल पुलिस घायलों के बयान आने का इंतजार कर रही है.
