गड़खा : बीबीपुर गांव में घर के आगे खेल रहे एक दो वर्षीय बच्चे को ट्रैक्टर ने ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. मृतक बीबीपुर गांव निवासी रमेश प्रसाद का पुत्र किशन कुमार है. गुरुवार को रमेश प्रसाद के पुत्र और पड़ोसी के दो-तीन बच्चे खेल रहे थे, तभी एक ट्रैक्टर घटना स्थल के बगल में ईंट गिरा लौट रहा था.
तभी बच्चा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया. मृत बच्चे के पिता रमेश प्रसाद ठेला चलाते हैं. मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था. घटना के बाद मां पूजा देवी, भाई सनी कुमार, शिवम कुमार सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. सूचना पर अंचलाधिकारी अश्विनी चौबे व थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक पहुंचे हुए थे.
