कार्रवाई. शहर के भगवान बाजार तथा नगर थाना क्षेत्र के 12 होटलों में छापेमारी
पुलिस प्रशासन ने पांच होटलों को किया सील
भगवान बाजार की स्थित होटल में पांच महिला तथा सात पुरुष धराये
छपरा(सारण) : शहर के भगवान बाजार तथा नगर थाना क्षेत्र के एक दर्जन होटलों में शनिवार को एसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गयी, जिसमें पांच होटलों में सेक्स रैकेट चलाने का खुलासा किया गया. पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि पांच होटलों में संदिग्ध अवस्था में 52 महिला-पुरुषों को पकड़ा गया है और उनका सत्यापन किया जा रहा है. एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गयी. पुलिस की कार्रवाई से सेक्स रैकेट चलाने वालों में हड़कंप मच गयी है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार 52 युवकों-युवतियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और इसकी जांच कर रही है. गिरफ्तार किये गये लोगों में होटल संचालक तथा कर्मचारी भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि जिन पांच होटलों में सेक्स रैकेट का खुलासा किया गया, उसे सील कर दिया गया है और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि ई मोरल ट्रैपिंग प्रीविहिंसन एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.
होटलों में संदिग्ध अवस्था में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किये गये युवक-युवतियों को पुलिस ने जेल भेज दिया. सभी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने बताया कि महावीर होटल भगवान बाजार में पांच महिला तथा सात पुरुष, छपरा रेस्ट हाउस भगवान बाजार से छह महिला, सात पुरुष, देलही रेस्ट हाउस भगवान बाजार से छह पुरुष, पांच महिला, राज पैलेस होटल भगवान बाजार से तीन महिला, चार पुरुष , ललिता होटल चार महिला, पांच पुरुषों को पकड़ा गया है.
होटल संचालकों में मची खलबली
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के एक दर्जन होटलों में छापेमारी के बाद से होटल संचालकों में खलबली मच गयी है और सेक्स रैकेट का संचालन करने वालों की बेचैनी बढ गयी है. होटलों में बिना बुकिंग के रूम उपलब्ध करानेवालों की मुसीबत बढ़ गयी है.
होटल संचालक लेते हैं प्रति घंटे की दर से चार्ज
होटल संचालक प्रति घंटे की दर से चार्ज वसूलते हैं, जिन होटलों में छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक स्थिति में महिला पुरुषों को पकड़ा गया है, उन होटलों के संचालक प्रति घंटे की दर से चार्ज वसूली करते हैं. उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ है. उन्होंने बताया कि लड़कियों की भी सप्लाई होटल संचालक करते हैं और कॉल करके बुलाया जाता है. उन्होंने बताया कि इसकी गहन छानबीन की जा रही है.
पहले से ही बदनाम रहे हैं भगवान बाजार के होटल
होटल के कमरे में सेक्स रैकेट का खुलासा कोई नयी बात नहीं है. पहले से ही भगवान बाजार थाना क्षेत्र के होटलों में छापेमारी के दौरान सेक्स रैकेट का खुलासा हो चुका है और इसको लेकर इस क्षेत्र के कई होटल बदनाम है. शनिवार को जिन होटलों में छापेमारी के दौरान सेक्स रैकेट का खुलासा किया गया है, उसमें से महावीर होटल, होटल राज पैलेस, देलही रेस्ट हाउस में पहले भी सेक्स रैकेट का पहले भी खुलासा किया गया था और होटल को सील कर दिया गया था.
