डंपर से कुचल कर छात्र की मौत
मांझी : मांझी-बरौली मुख्य पथ पर मकदुमगंज गांव के समीप डंपर के कुचलने से 10 वर्षीय छात्र की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. मृतक नवलपुर गांव निवासी रहीम अंसारी का पुत्र अरमान बताया जाता है. घटना के बाद डंपर चालक गाड़ी लेकर भागने लगा. हालांकि ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को मदनसाठ गांव के समीप पकड़ कर चालक की जमकर पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गयी. आक्रोशित ग्रामीण सड़क जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे. घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक दल-बल के साथ पहुंच कर ग्रामीणों के कब्जे से चालक को अपने कब्जे में ले लिया. सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया. ग्रामीण तत्काल मुआवजे की मांग कर रहे थे. काफी समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए. उसके बाद यातायात बहाल हुआ. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया.
