छपरा(नगर) : राखी के त्योहार को मनाने की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही है. शहर के सभी प्रमुख बाजारों में आकर्षक लुक वाले डिजाइनर राखियों की दुकानें सज गयी हैं. इन दुकानों पर ज्यादातर राखियां चाइना मेड रखी हुई हैं. हाल के दिनों में भारत-चीन संबंधों में आयी तल्खियों का असर प्रत्यक्ष रूप से चाइनीज राखियों के बाजार पर भी देखने को मिला है. खरीदार रिश्तों के इस त्योहार में अपनी पसंद और नापसंद की परवाह किये बगैर उन्हीं राखियों को खरीद रहे हैं,
जो इंडिया में बने हैं. लोकल बाजार से आयी हैंडमेड राखियों में थोड़ा आकर्षण जरूर कम है, पर चाइनीज राखियों में छुपा आकर्षण देशप्रेम के सामने फीका पड़ जा रहा. हालांकि शहर के साहेबगंज, मौना चौक, हथुआ मार्केट, नगर पालिका बाजार, जिला परिषद मार्केट, गुदड़ी बाजार आदि स्थानों पर दर्जनों राखी की दुकानें सजायी गयी हैं. इन दुकानों में चाइनीज राखियां भी उपलब्ध हैं और लोकल मेड राखियां भी. राखी का त्योहार नजदीक है, दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है.
ग्राहकों में महिलाओं और युवतियों की अधिकता देखी जा रही है. नगरपालिका चौक स्थित राखी दुकानदार अजय बताते हैं कि जो भी खरीदारी राखी खरीदने आ रहे हैं इस बात की पूछताछ जरूर कर रहे हैं कि स्टाल पर रखी कौन सी राखी चाइनीज है और कौन इंडियन. अधिकतर ग्राहक लोकल कंपनी की या हैंडमेड राखियां खरीदना पसंद कर रहे हैं. चाइनीज ब्रांड में डोरेमोन, बिगमैजिक आदि राखियां 20 से 50 रुपये तक बेची जा रही हैं, वहीं लोकल मेड राखियां 10 से 30 रुपये तक बिक रही है. कागज व फोम को मिला कर बनायी हैंडमेड राखी, देशी बजरंगी भाईजान ब्रांड राखी तथा सिंपल धागे वाली राखी चाइनीज राखियों को पटखनी देने में कामयाब हो रही है. इसके साथ ही राखी को लेकर शहर के लगभग सभी प्रसिद्ध मिठाई दुकानों में भी रौनक बढ़ने लगी है. राखी भले ही सात अगस्त को है पर ज्यादातर लोग राखी के पूर्व ही दुकानों में मिठाई का ऑर्डर बुक करा चुके हैं.
