हादसा . डीआरएम ने दिया जांच का आदेश, जांच दल गठित
दो घंटे तक ठप रहा ट्रेनों का परिचालन
सोनपुर : पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार के दक्षिण की ओर लाइन नंबर आठ पर खड़ी सीइ (कैरेज इंजीनियरिंग) यान के कैंपिंग कोच में आग लगने से गुरुवार को स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. इस घटना में रेलवे को करीब एक करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. इस दौरान करीब दो घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. आग पर काबू पाने के लिए रेलवे कर्मचारी, स्थानीय पुलिस प्रशासन और अग्निशमन दस्ता काफी देर तक मशक्कत करता रहा. काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया. एक बड़ी घटना होने से बच गयी. घटना के तुरंत बाद रेलवे के वरीय अधिकारी,
रेल पुलिस उपाधीक्षक डॉ अखिलेश कुमार, रेल थानाध्यक्ष व रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक पहुंचे. आग पर काबू पाने के लिए रेलवे द्वारा लगाये गये पाइप लाइन से भी पानी डाल कर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की लपटे तेज थी. फायर ब्रिगेड की गाड़ी में पानी पहले ही खत्म हो गया. सोनपुर मंडल रेल प्रबंधक अतुल्य सिन्हा ने इस घटना की जांच का आदेश दे दिया है और जांच दल का गठन भी कर दिया गया है. डीआरएम ने कहा है कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. हालांकि इस बात की चर्चा है कि कोच में सीइ यान के कर्मचारी खाना बना रहे थे, जिससे आग लग गया. करीब दो घंटे तक अप तथा डाउन साइड की ट्रेनों को आस-पास के स्टेशनों पर रोक कर रखा गया.
जब आग पूरी तरह बूझ गया, उसके बाद ट्रेनों का परिचालन बहाल हुआ.
