दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों के अलावा 67 गश्ती दल दंडाधिकारी बनाये गये
अधिकारियों ने किया भौतिक सत्यापन
छपरा (सदर) : नव गठित छपरा नगर निगम के लिए आगामी छह अगस्त को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीएम हरिहर प्रसाद ने पदाधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न बूथों का भौतिक सत्यापन किया. इस दौरान डीएम ने विभिन्न बूथों पर भवन के अलावा शौचालय, जलापूर्ति तथा मतदाताओं एवं कर्मचारियों के आने-जाने के लिए मार्ग की स्थिति का जायजा लिया. डीएम ने विभिन्न सेक्टर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बूथों पर सामान्य मतदाताओं के अलावा महिला व दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की बुनियादी जरूरत में कमी नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि मतदान को हर हाल में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं. दर्जनों बूथों के भ्रमण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम के साथ निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम अरुण कुमार, सदर सीओ विजय कुमार सिंह आदि शामिल थे.
