मांझी : थाना क्षेत्र के सिंहगी गांव में मांझी,रसूलपुर तथा एकमा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर 408 बोलत अंगरेजी शराब से लदी एक स्कॉर्पियो बरामद की है. बरामद शराब 273 लीटर बतायी जाती है. हालांकि अवैध शराब के कारोबारी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब से लदी एक स्कॉर्पियो सिंगही गांव के सुनील सिंह तथा राकेश सिंह के दालान में खड़ी है.
सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान कारोबारी भागने में सफल रहा. इस मामले में सुनील सिंह तथा राकेश सिंह के विरुद्ध नयी उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है. बरामद स्कॉर्पियो मालिक का पता लगाने में पुलिस जुट गयी है. छापेमारी दल में रसूलपुर थानाध्यक्ष संजय यादव, एकमा के नवीन कुमार के अलावा मांझी के थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक के साथ बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद थे.
