छपरा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन पर यात्रियों के सामान की चोरी करते हुए तीन अपराधियों को रविवार की सुबह जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया. तीनों अपराधी अंतर प्रांतीय गिरोह के सदस्य हैं. तीनों अपराधियों को राजकीय रेलवे पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया. रेल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि सावन महीने के कारण कावंरियों की भीड़ बढ़ गयी है और कांवरियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म पर दिन रात लगातार रेलवे पुलिस सक्रिय हैं.
कांवरियों के ड्रेस में ही रेलवे पुलिस की टीम को लगाया गया है और वर्दी धारी पुलिस अलग से जांच कर रहे हैं. रविवार को अहले सुबह में ही तीन अपराधी प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों का सामान चुराने का प्रयास करते हुए पाये गये, जिन्हें मौके मौजूद राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों ने गिरफ्तार कर लिया.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के मुसाफिर राम के पुत्र गुड्डू कुमार, फेफना थाना क्षेत्र के सागर पाली बाजार निवासी शिवशंकर गिरि के पुत्र अमर गिरि, गाजीपुर जिले के महम्मदाबाद थाना क्षेत्र के नयी बस्ती मनिकपुरा युसुफपुर बाजार निवासी किशुन गुप्ता के पुत्र बीरेंद्र गुप्ता शामिल हैं. उन्होंने बताया कि तीनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है और जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के नाम पता का सत्यापन कराया जा रहा है. गिरफ्तार अपराधियों से रेलवे पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिलें हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है.
