हंगामा. जुलूस निकाल गुस्से का किया इजहार
छपरा (सारण) : अधिवक्ता रमेंद्र शर्मा की हत्या की खबर मिलते ही विधि मंडल के अधिवक्ता गुरुवार को आक्रोशित हो गये और सड़क पर उतर आये. अधिवक्ताओं ने हत्या के विरोध में शहर में जुलूस निकाला और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर अपने आक्रोश का इजहार किया. अधिवक्ताओं ने थाना चौक के पास समाहरणालय पथ और डाक बंगला रोड को जाम कर दिया. इस वजह से शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो गयी और शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी.
करीब दो घंटे तक अधिवक्ताओं का आंदोलन चलता रहा. आक्रोशित अधिवक्ता पुलिस अधीक्षक को वार्ता करने के लिए कार्यालय से बाहर निकलने की मांग कर रहे थे. सड़क जाम हटाने तथा आक्रोशित अधिवक्ताओं को शांत कराने के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक मनीष तथा नगर थाना की पुलिस काफी देर तक मशक्कत करते रहे. करीब दो घंटे तक चला अधिवक्ताओं का आंदोलन पुलिस अधीक्षक अनसुइया रणसिंह साहू के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हत्यारो की शीघ्र गिरफ्तारी की जायेगी.
स्पेशल टास्क फोर्स का एसपी ने किया गठन : अधिवक्ता हत्या मामले की जांच और हत्यारों की गिरफ्तारी के पुलिस अधीक्षक अनसुइया रणसिंह साहू ने स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है और हत्या के आरोपितों को सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाने का निर्देश दिया है.
जेल में बनी थी अधिवक्ता की हत्या की योजना : अधिवक्ता रमेंद्र शर्मा की हत्या की योजना छपरा मंडल कारा में बनी थी. प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आयी है. अधिवक्ता की हत्या जिस तरह से की गयी है, उससे यह बात भी उजागर हुआ है कि गोली मारने वाला कोई पेशेवर अपराधी होगा जो जान लेने के लिए शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों पर गोली मारा है.
अधिवक्ता ने लगायी थी सुरक्षा की गुहार : अधिवक्ता रमेंद्र शर्मा ने अपने जान माल की सुरक्षा की गुहार लगायी थी. अधिवक्ता ने गड़खा थाना की पुलिस के अलावा पुलिस अधीक्षक, डीआइजी तथा अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों को पत्र सौंप कर अपने जान माल पर खतरे की आशंका व्यक्त की थी और सुरक्षा की गुहार लगायी थी. परिजनों ने बताया कि रमेंद्र शर्मा के बयान पर दर्ज मामले में पांच लोगों को सजा होने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही थी.
