नगरा (छपरा) : छपरा-मशरक मुख्य पथ पर नगरा चौक पर शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे दो बसों की टक्कर हो गयी, जिसमें करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गये. घायलों का इलाज के लिए नगरा के निजी क्लिनिक में भरती कराया गया. जहां घायलों का उपचार किया गया. घायलों में 40 वर्षीय राधिका देवी, गांव-पिरौटा,18 वर्षीय नेहा कुमारी, गांव-गौरा, 48 वर्षीय कृष्णा राय, हरेंद्र राय सहित अन्य शामिल हैं.
बताया जाता है कि छपरा से नगरा पहुंची सागर लग्जरी बस जैसे ही नगरा चौक पर रुकी, वैसे ही दूसरे बस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गयी. इस टक्कर में बस पर सवार करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गये. ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को बस से बाहर निकाला गया है. टक्कर इतना जबरदस्त था की दोनों बसों के खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गये. घटना की सूचना पाते ही नगरा ओपी थानाध्यक्ष दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों बसों को अपने कब्जे में ले लिया.
