कवायद. जेपी सेतु पर सुखद व सुरक्षित यात्रा के लिए हो रहा है प्रयास
सोनपुर/दिघवारा : जेपी पुल का उद्घाटन बीते 11 जून को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था और महज 20 दिनों के अंदर ही इस पुल पर सेल्फी लेने पर रोक लगा दी गयी. पुल परिसर के हर कोने की पल पल की रिपोर्ट लेने के लिए हर जगह इंटरनेट से लैस सीसीटीवी कैमरा लगेगा. कम्युनिटी पुलिस व एनसीसी कैडेटों की भी मदद ली जायेगी. दुर्घटना के शिकार हुए यात्रियों को तुरंत अस्पताल तक पहुंचाने के लिए पुल के दक्षिणी छोर पर यानि पटना की तरफ से एंबुलेंस तैनात रहेगा.
एप्रोच रोड पर बनेंगे ब्रेकर : पुल पर ब्रेकर बनाना संभव नहीं है, इसलिए पुल जाने वाले एप्रोच रोड पर ब्रेकर बनाये जायेंगे.जगह जगह टर्निंग ‘पॉइंट’ व ‘स्लो ड्राइविंग’ का बोर्ड लगाकर यात्रियों को जागरूक किया जायेगा. जेपी सेतु पर वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए कई ट्रॉलियां मंगवायी गयी हैं, जिसे पुल में जगह जगह बीच सड़क पर खड़ा कर वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित किया जायेगा. पुल पर सुरक्षित यात्रा को लेकर पटना व सोनपुर पुलिस ने कई निर्णय लिए हैं.अब पुल पर बिना हेलमेट के बाइक सवार को जाने की इजाजत नहीं मिलेगी.बिना हेलमेट वाले बाइक सवार को पुलिस द्वारा वापस लौटा दिया जायेगा,वहीं जबरदस्ती बिना हेलमेट के बाइक से पुल पर जाने वाले चालक को 600 रुपया का आर्थिक दंड लगेगा.
पुल पर लगेगा नो पार्किंग जोन का बोर्ड : जेपी पुल की चौड़ाई महात्मा गांधी सेतु की तुलना में काफी कम है जिस कारण इस पुल पर डिवाइडर बनाना संभव नहीं है. इस पुल पर कार या अन्य वाहन खड़ा करने पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है,इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने पुल पर जगह जगह ‘नो गाड़ी पार्किंग’ का बोर्ड लगाने का फैसला किया है, ताकि चालक अनावश्यक तौर पर पुल पर वाहनों की पार्किंग न करें.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
पुल पर बिना हेलमेट वाले बाइक सवार को नहीं जाने दिया जा रहा है. बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों को उसी दिशा में लौटा दिया जा रहा है. पुल पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा निर्धारित कर दी गयी है और वाहनों की स्पीड को स्लो करने के लिए पुल पर अपने सीमा क्षेत्र में ट्रॉली लगाया जा रहा है. मॉनीटरिंग करता हूं.
पंकज कुमार शर्मा, एसडीपीओ, सोनपुर
ट्रैफिक पुलिस की हर समय पुल पर व पहुंच पथों पर निगरानी रहेगी. मनमानी करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा. ट्रैफिक पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पटना छोड़ से अंतिम छोड़ तक हर आने-जाने वाले वाहनों की गति की मॉनीटरिंग करेगी. समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा. एसपीओ के सदस्यों को इसके लिए लगाया गया है.
प्रांतोष कुमार दास, ट्रैफिक एसपी, पटना
