बनियापुर : थाना क्षेत्र के रामधनाव में मंगलवार की देर रात्रि वृद्ध महिला की गोली मार हत्या की खबर गांव में तेजी के साथ फैली. सूचना पर जो जहां था, उसने मृतका के दरवाजे पर पहुंच घटना की बाबत जानकारी ली. वृद्ध महिला की गोली मार हत्या की घटना से ग्रामीण हतप्रभ हैं.
घटना के बाद मुहल्ले में छायी वीरानगी :
एक तरफ जहां मृतका के परिजन शव को पोस्टमार्टम कराने एवं शव के अंतिम संस्कार के लिए घर से बाहर है. वहीं हत्या के मामले में मुहल्ले के आधा दर्जन युवकों के नामजद होने के बाद नामजद सहित उनके परिजन फरार हैं. इसके चलते मोहल्ले में वीरानगी छायी है. हत्या से मातमी माहौल है. मोहल्लावाले कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं.
रात्रि में गोलीबारी की आवाज सुन ग्रामीण थे दहशत में : मंगलवार की देर रात्रि अचानक गोली की आवाज सुन ग्रामीणों में भय एवं दहशत का माहौल कायम हो गया. ग्रामीण थोड़ी देर के लिए अपने घरों में दुबके रहे. एक- दूसरे से मोबाइल पर संपर्क कर गोली कहां एवं क्यों चली, की तहकीकात में लगे रहे. जैसे ही महिला की हत्या की जानकारी ग्रामीणों को मिली, सभी मृतका के दरवाजे पर पहुंच गये.
मृतका की पारिवारिक स्थिति है काफी नाजुक : मृतका को एक पुत्र एवं दो पुत्री है, पति की मृत्यु काफी पहले ही हो चुकी थी. पुत्री राधा मायके में ही रह वृद्ध मां की सेवा करती थी. वहीं घर में ही एक दुकान खोली गयी थी, जिसकी आमदनी से मां -बेटी की परवरिश होती थी.
पुत्री का मायके में रहना पड़ोसियों को लगता था नागवार : वृद्ध मां की सेवा के लिए शादीशुदा पुत्री राधा का मायके में रहना पड़ोसियों को पसंद नहीं था. इसको लेकर पूर्व में कई बार विवाद एवं मारपीट की घटना भी हुई थी, जिसमें मां हमेशा पुत्री का साथ देती थी. पड़ोसियों को अंदेशा था कि कहीं मां पुत्री को गांव में ही न बसा दे.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
हत्या की घटना को अंजाम देने वाले सभी नामजद फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. नामजदों को अविलंब गिरफ्तार किया जायेगा. पुलिस प्राथमिकी के अलावा घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं पर पैनी निगाह रख अनुसंधान में जुटी है.
ज्वाला सिंह, थानाध्यक्ष,बनियापुर
