काउंटर बंद रहने से यात्रियों का हंगामा

कुव्यवस्था. दो काउंटर थे चालू, बंद पड़ी है ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन समय पर टिकट नहीं मिलने से सैकड़ों यात्रियों की छूटी ट्रेन छपरा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन पर अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर बंद रहने से आक्रोशित यात्रियों ने मंगलवार की सुबह जम कर हंगामा किया और बवाल काटा. सुबह में दो […]

कुव्यवस्था. दो काउंटर थे चालू, बंद पड़ी है ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन

समय पर टिकट नहीं मिलने से सैकड़ों यात्रियों की छूटी ट्रेन
छपरा (सारण) : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन पर अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर बंद रहने से आक्रोशित यात्रियों ने मंगलवार की सुबह जम कर हंगामा किया और बवाल काटा. सुबह में दो टिकट बुकिंग काउंटर ही चालू थे. हजारों की संख्या में यात्रियों की भीड़ टिकट बुकिंग काउंटर पर जुटी हुई थी. इस वजह से यात्रियों को टिकट के लिए बुकिंग काउंटर पर काफी देर तक कतार में खड़ा रहना पड़ा, जिससे यात्रियों में आक्रोश बढ़ गया और हंगामा शुरू कर दिया. यात्रियों के हंगामे को शांत कराने के लिए रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. हंगामा तथा बवाल के बाद रेलवे प्रशासन ने एक और काउंटर खोलवाया फिर भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई.
हंगामा तथा बवाल का कारण ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन का खराब होना भी था. यात्रियों को प्लेटफॉर्म टिकट के लिए भी अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर पर ही घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है. छपरा जंकशन पर अनारक्षित टिकट बुकिंग के लिए सात ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगायी गयी हैं, जिसमें से छह मशीन खराब पड़ी हैं.
दिन भर परेशान रहे यात्री : छपरा जंकशन पर मात्र तीन टिकट बुकिंग काउंटर चालू रहने और यात्रियों की काफी भीड़ रहने के कारण टिकट के लिए यात्री दिन भर परेशान रहे. टिकट के लिए यात्री घंटों कतार में लगे रहे. भीषण गरमी और भीड़ के कारण परेशान यात्रियों ने दिन भर हो- हल्ला मचाया, जिसके कारण राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को भीड़ नियंत्रित करने तथा विधि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
गंगा-कावेरी के यात्रियों ने भी किया था हंगामा
पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंकशन पर सोमवार की रात में गंगा-कावेरी एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों ने पहले तो टिकट के लिए हंगामा किया और जब टिकट मिलने के बाद ट्रेन खुल जाने के कारण यात्रा करने से यात्री वंचित रह गये तो, टिकट वापस करने के लिए हंगामा करने लगे. इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. यात्रियों के हंगामे के बाद टिकट वापस किये गये , तब जाकर हंगामा और बवाल शांत हुआ.
क्या कहते हैं अधिकारी
ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन का लिंक फेल होने के कारण अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गयी है और वाणिज्य लिपिकों की कमी है. तत्काल बंद काउंटर खोलने में परेशानी है. वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन को भी ठीक कराया जा रहा है. जल्द चालू हो जाने की उम्मीद है.
अशोक कुमार, रेलवे जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे
खास बातें
छपरा जंकशन से होकर प्रतिदिन 140 ट्रेनों का होता है परिचालन
प्रतिदिन करीब 35 -40 हजार यात्री सफर करते हैं
वाराणसी मंडल को सर्वाधिक राजस्व देने वाले स्टेशनों में शामिल
प्रतिदिन छपरा जंकशन से एक करोड़ रुपये का मिलता है राजस्व
छपरा जंकशन पर पहले दस टिकट बुकिंग काउंटर थे
टिकट वेंडिंग मशीन लगने के बाद सात बुकिंग काउंटर बंद
छपरा जंकशन से प्रत्येक दिन करीब एक दर्जन ट्रेन करती हैं ओरिजनेट
ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन पांच दिनों से खराब
छपरा जंकशन पर लगायी गयी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन पिछले पांच दिनों से काम नहीं कर रही हैं. कभी तकनीकी खराबी बतायी जाती है, तो कभी लिंक फेल होने के बहाने से यात्री परेशान हो रहे हैं. रेलवे प्रशासन की लापरवाही के कारण पांच दिनों से खराब ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन को ठीक नहीं कराया जा रहा है. इस वजह से अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर पर भीड़ बढ़ जाती है और इसका खामियाजा मासिक सीजन टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी भुगतना पड़ रहा है. एमएसटी बनवाने के लिए उन्हें भी परेशानी उठानी पड़ रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >