छपरा : मुफस्सिल थाने के बाजार समिति के निकट मंगलवार की दोपहर एक अनियंत्रित ट्रक के मकान में घुस जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इससे आक्रोशित लोगों ने छपरा-नगरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर टायर आदि जला कर घंटों प्रदर्शन करते हुए आवागमन को बाधित कर दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर लगभग डेढ़ बजे पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए ट्रक ड्राइवर अपनी गाड़ी लेकर भाग रहा था.
इसी क्रम में ट्रक अनियंत्रित होकर चंद्रदेव साह के खपरैलनुमा मकान में जा घुसा. ट्रक की टक्कर से मकान के सामने की झोंपड़ी जहां ध्वस्त हो गयी, वहीं मकान के कुछ हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गये. दुर्घटना में घर में मौजूद गृहस्वामी का 25 वर्षीय पुत्र पप्पू साह जख्मी हो गया. उसका एक पैर ट्रक के चक्के के नीचे आ गया था.
