Samastipur News:विभूतिपुर में गीदड़ों का आतंक, किसान व मवेशियों को काटकर किया जख्मी

प्रखंड क्षेत्र में आवारा कुत्तों के आतंक के बाद अब खूंखार गीदड़ों (सियार) का आतंक तेज हो गया है.

Samastipur News: विभूतिपुर : प्रखंड क्षेत्र में आवारा कुत्तों के आतंक के बाद अब खूंखार गीदड़ों (सियार) का आतंक तेज हो गया है. ताजा मामला बेलसंडी तारा पंचायत के वार्ड 1 और 2 का है. जहां गीदड़ों के एक झुंड ने जमकर तांडव मचाया. इस हमले में एक किसान समेत करीब 20 मवेशी बुरी तरह जख्मी हो गये हैं. बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे वार्ड नंबर 1 स्थित ब्राह्मण टोल दुर्गा मंदिर के पास बांध किनारे 3-4 की संख्या में आये गीदड़ों ने अचानक आबादी पर हमला कर दिया. गीदड़ों ने अखिलेश कामती, सीता देवी, उमेश राय, मणि भूषण यादव और विजय शंकर प्रसाद सिंह के मवेशियों को अपना निशाना बनाया. जब किसान अखिलेश कामती शोर सुनकर अपने मवेशियों को बचाने दौड़े, तो गीदड़ों ने उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया. पीड़ित किसान का इलाज विभूतिपुर सीएचसी में किया गया है. गीदड़ों का कहर वार्ड संख्या 2 में भी देखने को मिला. यहां सत्यनारायण राय के घर में घुसकर एक गीदड़ ने उनकी 4 गायों को काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. घटना के बाद मवेशी चलंत अस्पताल के चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर पशुओं का प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन एंटी-रेबीज टीका नहीं दिया गया. घटना के बाद पशुपालकों की चिंता और बढ़ गई है. गरीब किसानों के लिए इतने मवेशियों को जिला अस्पताल ले जाना या बाहर से महंगा टीका खरीदना एक बड़ी चुनौती बन गया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है. ग्रामीणों का कहना है कि अब रात के समय घर से बाहर निकलना और मवेशियों को बाहर बांधना खतरे से खाली नहीं है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इन आवारा गीदड़ों से निजात दिलाने और गांव में ही टीकाकरण की व्यवस्था करने की मांग की है. इस संबंध में पूछे जाने पर पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि जानकारी मिलते ही सभी मवेशियों का प्राथमिक उपचार करा दिया गया है. लेकिन एंटी-रेबीज वैक्सीन फिलहाल उपलब्ध नहीं है. पशुपालकों को बाहर से टीका लगवाने की सलाह दी गई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KRISHAN MOHAN PATHAK

KRISHAN MOHAN PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >