Samastipur News:हसनपुर : स्थानीय बाजार के बीचों-बीच स्थित हसनपुर बाजार का लाइफ लाइन माने जाने वाला पुल जर्जर है. इससे लोग चिंतित हैं. बता दें कि हसनपुर बाजार के महावीर मंदिर के समीप मृत बागमती नदी पर बना पुल जर्जर होने लगा है. यहां कभी भी कोई घटनाएं घट सकती है. पुल का ऊपरी सतह कहीं-कहीं दरकने लगा है. पुल पर सावधान पुल क्षतिग्रस्त होने का बोर्ड भी लगाया गया है. कुछ दिनों पूर्व रेलिंग टूट जाने पर इसकी मरम्मत कराई गई थी. वर्तमान में पुल के ऊपरी सतह पर कई जगह टूटने के निशान भी है. भारी वाहन के आने-जाने के क्रम में पुल में कंपन भी होती है. स्थानीय लोग बताते हैं कि बाजार के बीचोबीच बने पुल का निर्माण काफी वर्ष पूर्व कराया गया था. जिसका समय-समय पर जीर्णोद्धार नहीं कराया गया. इसके कारण पुल कई जगह जर्जर होने लगे हैं. अगर समय-समय पर इसका जीर्णोद्धार कराया जाता तो उनकी स्थिति यह नहीं होती. वाहनों के आवागमन के दौरान हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है. कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण विवश लोग जर्जर पुल होकर ही आवाजाही करते हैं. बता दें कि लोग रेलवे स्टेशन, अस्पताल, थाना, प्रखंड, अंचल कार्यालय, बैंक आदि जगहों पर आने- जाने के लिए इसी पुल का ही प्रयोग करते हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि नये पुल का निर्माण करा दिया जाये तो लोगों की समस्या का समाधान हो जायेगा. व्यवसायी मुकेश चौधरी, अशोक गोयल, विकास बड़बड़िया, रामनारायण अग्रवाल, विकास चांद आदि ने बताया कि बाजार के बीचोबीच स्थित पुल स्थानीय लोगों के लिए लाइफ लाइन है. इसी पुल के सहारे प्रखंड के कई पंचायत के लोग प्रखंड मुख्यालय पहुंचने हैं. जबकि कई पंचायत के लोग रेलवे स्टेशन, बैंक व चीनी मिल जाने के लिए उसका प्रयोग करते हैं. ऐसे में लंबे समय से पुल जर्जर होना चिंता का विषय है. उन्होंने सरकार से इस पुल की स्थिति ठीक करने अथवा नये पुल के निर्माण की मांग की है. वर्तमान में इस पुल से ही चीनी मिल में एक हिस्से में बसे लोगों के द्वारा गन्ना पेराई के लिए भेजेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
